-
सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर इतिहास विभाग का सात दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण
-
विद्यार्थियों ने सरदार पटेल की जन्मभूमि करमसद की पवित्र मिट्टी कुलपति को भेंट की
-
स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, अमूल डेयरी सहित ऐतिहासिक स्थलों का किया भ्रमण
-
हिमाचली संस्कृति के प्रदर्शन से गौरवान्वित हुए छात्र
मंडी: सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी के इतिहास विभाग ने सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर सरदार पटेल विश्वविद्यालय वल्लभ विद्यानगर के साथ एक सात दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया। इस यात्रा से लौटे विद्यार्थियों ने अधिष्ठाता छात्र कल्याण आचार्य राजेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में सरदार पटेल की जन्मभूमि करमसद (गुजरात) की पवित्र मिट्टी कुलपति आचार्य ललित कुमार अवस्थी को भेंट की।

इस अवसर पर प्रति कुलपति आचार्य अनुपमा सिंह, कुलसचिव डॉ. मदन कुमार, वित्त अधिकारी हंस राज सेनी और परीक्षा नियंत्रक इंजीनियर सुनील वर्मा सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। कुलपति आचार्य ललित कुमार अवस्थी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह यात्रा न केवल शैक्षणिक थी, बल्कि विद्यार्थियों को सरदार पटेल के योगदान को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर भी मिला। उन्होंने कहा,
“सरदार वल्लभभाई पटेल भारतीय इतिहास के महानायक थे। उनकी जन्मभूमि करमसद की मिट्टी हमारे विश्वविद्यालय के लिए प्रेरणा और गौरव की प्रतीक है। यह हमें राष्ट्रीय एकता, दृढ़ संकल्प और कर्तव्यपरायणता की प्रेरणा देती है।”
शैक्षणिक भ्रमण के संयोजक डॉ. राकेश कुमार शर्मा और आयोजन सचिव विकेश कुमार ने बताया कि इस भ्रमण में 34 सदस्यीय दल ने सरदार पटेल के घर करमसद, सरदार पटेल स्मारक, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, एकता नगर, स्वामी नारायण मंदिर, जंगल सफारी और कमलम पार्क सहित कई ऐतिहासिक स्थलों का दौरा किया। इसके अलावा, विद्यार्थियों ने सरदार पटेल विश्वविद्यालय वल्लभ विद्यानगर के विभिन्न विभागों, परीक्षा शाखा, केंद्रीय पुस्तकालय और खेल परिसर का भी भ्रमण किया।
इंडस्ट्रियल विजिट के तहत विद्यार्थियों ने अमूल चॉकलेट प्लांट और अमूल डेयरी का भी दौरा किया। इस यात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिमाचली संस्कृति का बेहतरीन प्रदर्शन किया।
आचार्य अवस्थी ने कहा कि यह प्रयास विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम और इतिहास के प्रति रुचि को और प्रबल करेगा। उन्होंने इस यात्रा को विद्यार्थियों के अकादमिक अनुभव का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बताया और भविष्य में ऐसे आयोजनों की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण आचार्य राजेश कुमार शर्मा, अधिष्ठाता अकादमिक मामले डॉ. करण गुप्ता, अधिष्ठाता योजना एवं विकास डॉ. सुनील ठाकुर, अधिष्ठाता शोध डॉ. लखवीर सिंह, अधिष्ठाता प्रबंधन डॉ. पवन चाँद सहित विश्वविद्यालय के संकाय सदस्य एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।




