-
हत्या का आरोपी नेपाली मूल का पारस राम फरार
-
मृतक की पहचान 35 वर्षीय सुशील के रूप में हुई
-
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज की
Theog Crime Incident ठियोग थाना क्षेत्र में एक नेपाली युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 35 वर्षीय सुशील के रूप में हुई है, जबकि हत्या का आरोपी नेपाली मूल का पारस राम फरार है। दोनों ठियोग में एक बागवान के पास काम करते थे।
संजीव कुमार द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, उन्होंने 15 दिन पहले पारस राम को अपने बगीचे में काम पर रखा था। वह बगीचे के पास एक तंबू में रहता था। 31 मार्च को सुबह 10 बजे पारस राम ठियोग बाजार जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा।
1 अप्रैल की सुबह करीब 9 बजे, जब संजीव कुमार बगीचे की ओर जा रहे थे, तो उन्होंने तंबू के पास खून से लथपथ सुशील का शव पड़ा देखा। संजीव ने आरोपी पारस राम को आवाज लगाई, लेकिन वह तंबू में नहीं था।
संजीव कुमार का कहना है कि आरोपी ने शराब के नशे में किसी तेजधार हथियार से वार कर सुशील की हत्या की और फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश जारी है।



