-
मंडेरवा पुल निर्माण कार्य रोकने के विरोध में PWD कार्यालय का घेराव
-
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल के नेतृत्व में प्रदर्शन, सरकार पर लगाए आरोप
-
विभाग ने 20 अप्रैल से निर्माण कार्य शुरू करने का दिया आश्वासन
Manderva bridge protest: जिला मुख्यालय नाहन में विक्रमबाग पंचायत के लोगों ने मंडेरवा पुल निर्माण कार्य रोकने के विरोध में लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधीक्षण अभियंता कार्यालय का घेराव किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व विधायक डॉ. राजीव बिंदल के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश सरकार और विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
डॉ. बिंदल ने मीडिया से बातचीत में बताया कि पूर्व भाजपा सरकार के दौरान इस पुल का 90% निर्माण कार्य पूरा हो चुका था, लेकिन मौजूदा सरकार इसे आगे नहीं बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि यह पुल दो नदियों के बीच बसे मंडेरवा गांव को जोड़ता है, जहां बरसात के दौरान आवागमन ठप हो जाता है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
प्रदर्शन के दौरान विभाग ने 20 अप्रैल से पुल निर्माण कार्य फिर से शुरू करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना समाप्त कर दिया गया। डॉ. बिंदल ने चेतावनी दी कि यदि तय समय पर कार्य शुरू नहीं हुआ, तो पंचायत के लोग दोबारा प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता अरविंद कुमार ने बताया कि इस फुट ब्रिज के लिए आवंटित बजट पहले ही खर्च हो चुका था, जिससे निर्माण कार्य रुक गया था। उन्होंने कहा कि विभाग ने अतिरिक्त बजट की मांग भेजी है और 10 से 15 दिनों के भीतर काम दोबारा शुरू करने की योजना बनाई जा रही है।



