MLA Suresh Kuma: हमीरपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में भोरंज के विधायक सुरेश कुमार ने विपक्ष की बयानबाजी पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर प्रदेश की संपदा को लुटाने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार के समय प्रदेश का खजाना चोर दरवाजों से लूटा गया।
बिमल नेगी की मौत के मामले में भाजपा द्वारा किए जा रहे प्रदर्शनों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है। उन्होंने बताया कि इस मामले में दो बड़े अधिकारियों को सस्पेंड कर निष्पक्ष जांच करवाई जा रही है और बिमल नेगी का परिवार भी सरकार की कार्रवाई से संतुष्ट है।
विधायक ने प्रदेश के बजट को लेकर कहा कि इस बार बजट में नशे पर नकेल कसने के लिए ₹100 करोड़ का प्रावधान किया गया है। सरकार ने नशे के खिलाफ मृत्यु दंड का प्रावधान किया है ताकि इसे पूरी तरह खत्म किया जा सके। उन्होंने प्रदेश पुलिस को बधाई देते हुए कहा कि पहली बार पाकिस्तान बॉर्डर से नशा तस्कर बूटा सिंह को पकड़ा गया है।
उन्होंने जयराम ठाकुर पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार के समय प्रदेश के संसाधनों का दुरुपयोग किया गया और अब जब सरकार ने ₹2800 करोड़ का अतिरिक्त राजस्व एकत्रित किया है, तो जयराम ठाकुर बौखलाए हुए हैं।



