-
बनेड़ खड्ड में डूबने से किशोर की मौत
-
12वीं कक्षा का छात्र था मृतक रोशित
-
पुलिस ने शव निकालकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा
Baner Khad Drowning Incident: हरिपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बंगोली गांव से सटे बनेड़ खड्ड में पानी में डूबने से एक 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। मृतक की पहचान रोशित पुत्र रमेश चंद निवासी बंगोली के रूप में हुई है। रोशित 12वीं कक्षा का छात्र था और कुछ ही दिन पहले उसकी वार्षिक परीक्षाएं समाप्त हुई थीं।
मिली जानकारी के अनुसार रोशित सुबह अपने घर से खेलने की बात कहकर निकला था। जब वह देर शाम तक घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। फोन पर संपर्क नहीं होने और मोबाइल स्विच ऑफ आने के बाद परिजन व ग्रामीण उसकी खोज में लगे। खोजबीन के दौरान बनेड़ खड्ड के पास उसके कपड़े और जूते मिले। जब ग्रामीण खड्ड में पहुंचे तो रोशित का शव पानी के भीतर मिला।
स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि पानी की गहराई लगभग 8 फीट थी।
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम देहरा अस्पताल में करवाया गया और इसके बाद परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक के परिवार में माता-पिता के अलावा एक बड़ा भाई, एक छोटी बहन और दादी हैं। एसपी देहरा मयंक चौधरी ने घटना की पुष्टि की है।



