Follow Us:

सुंदरनगर का सुकेत देवता मेला संपन्न

Suket Devta Fair 2025: सुंदरनगर में चैत्र नवरात्रों के अवसर पर आयोजित होने वाला प्रसिद्ध राज्य स्तरीय सुकेत देवता मेला 2025 रविवार को भव्य आयोजन के साथ सम्पन्न हो गया। इस पांच दिवसीय मेले का समापन समारोह मंडी के उपायुक्त अपूर्व देवगन की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ।

उपायुक्त अपूर्व देवगन ने महामाया मंदिर में पूजा अर्चना की तथा मंदिर से जवाहर पार्क मेला मैदान तक देवी-देवताओं की शोभा यात्रा में भाग लिया। नवमी के अवसर पर कृषक प्रशिक्षण केंद्र कम्युनिटी हॉल में उन्होंने कंजक पूजन भी किया। इस मौके पर राज्य स्तरीय सुकेत देवता मेला पर आधारित एक कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया गया।

उपायुक्त ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के मेले और त्यौहार प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सहेज कर रखते हैं। सुकेत देवता मेला की परंपराओं को संरक्षित कर अगली पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है।

उन्होंने मेले में नशा मुक्त सुंदरनगर थीम की विशेष रूप से सराहना करते हुए कहा कि युवाओं को नशे से दूर रहकर पढ़ाई, खेलकूद और सामाजिक गतिविधियों में भाग लेना चाहिए।

समारोह में पूर्व मुख्य संसदीय सचिव सोहनलाल, हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के निदेशक लाल सिंह कौशल, मेला कमेटी अध्यक्ष एवं एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। देवी-देवताओं के देवलूओं की उपस्थिति से आयोजन और भी भव्य नजर आया।