-
शादी समारोह से लौटते समय तड़के करीब चार बजे हुआ हादसा
-
प्रशासन ने परिजनों को फौरी राहत के रूप में 25-25 हजार रुपये दिए
Aani Road Accident: हिमाचल प्रदेश के आनी उपमंडल के अंतर्गत लूहरी-करसोग सड़क पर बैहना के छांवटी के पास दर्दनाक हादसा पेश आया। शनिवार तड़के लगभग 4 बजे एक कार (एचपी 30-7063) अनियंत्रित होकर खड्ड किनारे जा गिरी, जिसमें दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
डीएसपी आनी चंद्रशेखर कायथ ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतकों की पहचान टिकम राम (42 वर्ष), पुत्र दयाल सिंह, गांव सरांडी, सराहन और गुरदेव (27 वर्ष), पुत्र रमेश, गांव वाहण, डाकघर ग्वालपुर, करसोग के रूप में हुई है। दोनों युवक एक शादी समारोह से लौट रहे थे और घर पहुंचने से कुछ ही दूरी पर यह हादसा हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिए गए।
वहीं, तहसीलदार आनी रत्नेश्वर शर्मा ने प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 25-25 हजार रुपये की फौरी राहत राशि प्रदान की है। इस हादसे ने क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है।



