-
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 5 से 9 मई तक शिमला दौरे पर रहेंगी
-
जिला दंडाधिकारी ने सभी विभागों को समयबद्ध तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए
-
यातायात, सफाई, सुरक्षा और आपूर्ति व्यवस्थाओं की व्यापक समीक्षा की गई
Presidential Visit: आगामी 5 से 9 मई, 2025 के बीच राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के शिमला प्रवास को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इस क्रम में जिला दंडाधिकारी अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में आज एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई जिसमें राष्ट्रपति के दौरे की तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिला दंडाधिकारी ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रपति का प्रवास शिमला जिला के लिए अत्यंत प्रतिष्ठा का विषय है, और इसमें किसी भी स्तर पर कोताही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध कार्य योजना बनाकर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।
लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए गए कि कल्याणी हेलीपैड से दी रिट्रीट तक की सड़कों की मरम्मत, साफ-सफाई तथा बिजली के तारों की स्थिति को सुरक्षित रखने हेतु तत्काल कार्यवाही करें। नगर निगम शिमला को दी रिट्रीट और उसके आसपास के क्षेत्रों में विस्तृत सफाई अभियान चलाने को कहा गया। एसजेपीएनएल को राष्ट्रपति निवास में निर्बाध जल आपूर्ति सुनिश्चित करने, अग्निशमन विभाग को फायर ऑडिट करने और स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सा इंतजाम चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए गए।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने हेतु ढली, संजौली सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर खड़े वाहनों को हटाने, पुलिस जवानों की तैनाती और सीसीटीवी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी प्रशासनिक बाधा के समाधान हेतु अधिकारियों को एडीएम पंकज शर्मा से सीधे संपर्क करने को भी कहा गया।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त अभिषेक वर्मा, एडीएम (प्रोटोकॉल) ज्योति राणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवदीप सिंह एवं रतन नेगी, एसडीएम शिमला ग्रामीण मंजीत सिंह और एसडीएम शिमला शहरी ओशिन शर्मा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का संचालन एडीएम (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा ने किया।



