Follow Us:

मक्की बीज महंगा, सब्सिडी घटी – किसानों की जेब पर दोहरा बोझ

  • मक्की के बीज पर सब्सिडी घटकर 20 फीसदी रह गई

  • बीज की कीमत में 5 से 14 रुपये तक की बढ़ोतरी

  • कुल्लू के 9,000 हेक्टेयर में मक्की की बुआई शुरू


Hybrid Maize Seed Price: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में मक्की की बुआई का सीजन शुरू होते ही किसानों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि इस बार बीज की कीमतें बढ़ा दी गई हैं और सरकारी सब्सिडी घटा दी गई है। इस वर्ष मक्की का हाईब्रिड सिंगल क्रॉस वेरायटी बीज 80 रुपये प्रति किलो में बेचा जा रहा है, जो पिछले साल 65 रुपये किलो था और उस पर 30 फीसदी सब्सिडी दी जा रही थी। अब सब्सिडी को घटाकर केवल 20 प्रतिशत कर दिया गया है।

कृषि विभाग के अनुसार, इस बार विभाग के पास सात किस्मों का बीज आया है, जिनमें दो प्रमुख वेरायटी – हाईब्रिड सिंगल क्रॉस और डबल क्रॉस शामिल हैं। हाईब्रिड डबल क्रॉस बीज की कीमत 124 रुपये किलो तय की गई है, जिसे 20 फीसदी सब्सिडी के बाद 104 रुपये प्रति किलो में दिया जा रहा है। जबकि पिछले साल यह 90 रुपये के आसपास उपलब्ध था।

जिला कुल्लू में करीब 9,000 हेक्टेयर भूमि पर मक्की की खेती की जाती है। किसानों ने अब बीज खरीदना शुरू कर दिया है और निचले इलाकों में बिजाई का कार्य प्रारंभ हो गया है। किसानों लीला प्रसाद, ओम प्रकाश, मनोहर लाल, बेली राम और प्रीतम सिंह ने नाराज़गी जताते हुए कहा कि सरकार प्राकृतिक खेती की बात तो करती है लेकिन बीज के दाम हर साल बढ़ा रही है और सब्सिडी घटा रही है, जिससे किसान परेशान हैं।

कृषि विभाग के उपनिदेशक सुशील शर्मा ने बताया कि मक्की की कंचन किस्म का बीज भी जल्द पहुंच जाएगा। अभी तक जो बीज आया है, उसे विक्रय केंद्रों के माध्यम से किसानों तक पहुँचाया जा रहा है। विभाग के अनुसार, हाईब्रिड किस्म का कुल 280 क्विंटल बीज जिला में भेजा गया है।