-
नगरोटा अस्पताल में आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए रखी गई 92.72 लाख रुपये की अनुमानित योजना
-
मंत्री आरएस बाली ने 80 लाख रुपये के विकास कार्यों का किया उद्घाटन
-
‘मुख्यमंत्री वृद्धजन देखभाल योजना’ और ‘रोगी मित्र योजना’ के क्रियान्वयन की भी घोषणा
RSBaliInitiatives: कैबिनेट रैंक के मंत्री और पर्यटन निगम अध्यक्ष आरएस बाली ने नगरोटा में स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और विकास परियोजनाओं के उद्घाटन के साथ क्षेत्र को विकास की नई दिशा देने का प्रयास किया। नगरोटा अस्पताल में आयोजित रोगी कल्याण समिति (आरकेएस) की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय अस्पतालों में आधुनिक उच्च तकनीक स्वास्थ्य उपकरण लगाए जाएंगे ताकि लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

उन्होंने कहा कि आरकेएस की नियमित बैठकें अस्पतालों की जरूरतों को पहचानने और पूरा करने में मददगार होती हैं। आरकेएस के तहत वर्ष 2025-26 के लिए 92 लाख 72 हजार 103 रुपये का अनुमानित बजट प्रस्तुत किया गया है, जिसे अस्पताल की सुविधाओं को उन्नत करने में खर्च किया जाएगा।

बाली ने इस अवसर पर ‘रोगी मित्र योजना’ और ‘मुख्यमंत्री वृद्धजन देखभाल योजना’ के क्रियान्वयन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं के तहत रोगी मित्रों की तैनाती तथा मोबाइल स्वास्थ्य वैन द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के घर जाकर स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा दी जाएगी।

इस दौरान उन्होंने नगरोटा विधानसभा क्षेत्र में करीब 80 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया। हटवास पंचायत में 21 लाख रुपये की लागत से तैयार ट्रांसफॉर्मर का उद्घाटन कर उन्होंने बताया कि इससे वर्षों पुरानी बिजली की समस्या का समाधान होगा। इसके साथ ही भदरेड और हल्दवाड़ी में 21 लाख 5 हजार रुपये की लागत से निर्मित पेयजल भंडारण टंकियों और 27 लाख 10 हजार रुपये की लागत से बनी एक किलोमीटर लंबी सड़क का उद्घाटन किया गया। मंत्री ने कहा कि ये कार्य क्षेत्र की आधारभूत संरचना को सशक्त बनाएंगे और आम जनता को सीधा लाभ देंगे।
इस मौके पर एसडीएम नगरोटा बगवां मुनीश शर्मा, बीएमओ रूबी भारद्वाज, बीडीओ लतिका और सुरजीत सिंह, बीडीसी अध्यक्ष अंजना कुमारी, अधिशाषी अभियंता राजीव शर्मा, आरकेएस सदस्य और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



