Follow Us:

चिड़गांव मंदिर में चोरी करते रंगे हाथ पकड़ा गया चोर

  • शिमला के चिड़गांव में दुर्गा माता मंदिर से चोरी करने वाले आरोपी को रंगे हाथ पकड़ा गया

  • स्थानीय लोगों ने चोर को रस्सी से बांधकर पुलिस को सौंपा, आरोपी ने पहले की चोरियों की बात कबूली

  • 60 हजार से ज्यादा की नकदी और अष्टधातु की मूर्ति की चोरी, आरोपी नशे का आदी बताया जा रहा है


Chidgaon temple theft: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के चिड़गांव में स्थित दुर्गा माता मंदिर से चोरी का मामला सामने आया है, जहां स्थानीय लोगों ने एक चोर को रंगे हाथ पकड़ लिया। घटना शनिवार रात की बताई जा रही है। मंदिर में बार-बार हो रही चोरियों से परेशान लोगों ने सतर्कता बरतते हुए चोर रविंदर कुमार को चोरी करते वक्त पकड़ लिया और उसकी पिटाई के बाद उसे रस्सी से बांधकर पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस को दी गई शिकायत में मंदिर कमेटी के अध्यक्ष महेंद्र सिंह ने बताया कि यह आरोपी पहले भी मंदिर में कई बार चोरी कर चुका है। बीते कुछ महीनों में मंदिर के दान पात्र से हजारों रुपए गायब हो चुके थे। रविंदर ने पूछताछ में कबूल किया कि वह 17-18 मार्च, 13-14 अप्रैल और 21-22 अप्रैल की रात को भी मंदिर से लगभग 60 हजार रुपए की चोरी कर चुका है।

चोर के बयान के अनुसार, 3 मई को उसने खोपटूवाड़ी गांव के दुर्गा माता मंदिर और नरसिंह देवता मंदिर से 10 हजार रुपए चुराए, साथ ही नरसिंह मंदिर से लंगर के 25 हजार रुपए, पीतल-तांबे के बर्तन और अष्टधातु की मूर्ति भी ले गया। मूर्ति को उसने गुम्मा स्कूल के पास जंगल में छिपा दिया था।

पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी सिरमौर जिले की राजगढ़ तहसील के चुड़वाधार गांव का रहने वाला है और नशे (चिट्टा) का आदी है। अपनी लत को पूरा करने के लिए ही वह बार-बार चोरियों को अंजाम देता रहा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर गहन जांच शुरू कर दी है।