-
जयराम ठाकुर ने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शिता की सराहना
-
ऑपरेशन सिंदूर को बताया ऐतिहासिक, सेना को मिली खुली छूट
-
सीमा पर पहुंचकर प्रधानमंत्री ने सेना का मनोबल किया मजबूत
Modi border visit: पूर्व मुख्यमंत्री और हिमाचल प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शिता, नेतृत्व क्षमता और साहस की खुलकर सराहना की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने पहलगाम नरसंहार का जिस दृढ़ इच्छाशक्ति और रणनीतिक संयम के साथ पाकिस्तान को करारा जवाब दिया है, वह भारत के इतिहास में अभूतपूर्व है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि 22 अप्रैल की घटना के अगले ही दिन प्रधानमंत्री ने बिहार से स्पष्ट संदेश दिया था कि पाकिस्तान को इस दुस्साहस की भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। इसके बाद ऑपरेशन सिंदूर के तहत सिर्फ 25 मिनट में सीमा पार एयर सर्जिकल स्ट्राइक के जरिए 100 से अधिक आतंकियों का सफाया कर दिया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा सेना के तीनों अंगों को खुली छूट देने के बाद जिस तीव्र और निर्णायक कार्रवाई को अंजाम दिया गया, उससे अब पाकिस्तान को दोबारा ऐसी गलती करने से पहले सौ बार सोचना पड़ेगा।
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सीमा पर जाकर जवानों का हौसला बढ़ाया, जो यह दर्शाता है कि भारत की केंद्र सरकार दबाव में झुकने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि पहली बार देश ने इतनी तीव्र प्रतिक्रिया देखी है, जिसमें सरकार ने न केवल आतंकवाद के ठिकानों को ध्वस्त किया, बल्कि आतंक के खिलाफ निरंतर अभियान जारी रखने के आदेश भी दिए।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि आज पूरा देश एकजुट होकर मोदी सरकार के इस निर्णायक कदम के साथ खड़ा है। ऑपरेशन सिंदूर ने पाकिस्तान की सेना को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश को एक ऐसा नेतृत्व मिला है जो हर पल देश की सुरक्षा के लिए तत्पर और प्रतिबद्ध है।



