Follow Us:

सरकार रिवाल्विंग फंड की स्थापना की संभावना पर गंभीरता से विचार करेगी : सुक्‍खू

  • ग्राम रोजगार सेवक संघ (GRSS) के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से की भेंट

  • केंद्र सरकार द्वारा बजट घटाने से वेतन संकट पर जताई चिंता

  • मुख्यमंत्री ने समाधान के लिए रिवाल्विंग फंड पर विचार का दिया आश्वासन


 हिमाचल प्रदेश ग्राम रोजगार सेवक संघ (GRSS) के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू से शिमला सचिवालय में भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को वेतन संबंधित समस्याओं और वित्तीय अस्थिरता के मुद्दे पर विस्तार से जानकारी दी।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा हिमाचल प्रदेश के लिए बजट आवंटन को आधा कर दिया गया है, जिसके चलते ग्राम रोजगार सेवकों को नियमित रूप से वेतन नहीं मिल पा रहा है। इस कारण उन्हें भारी आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि इस मुद्दे को केंद्र सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाए

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने संघ के प्रतिनिधियों को सहानुभूतिपूर्वक विचार का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है और समाधान के लिए हरसंभव कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार रिवाल्विंग फंड की स्थापना की संभावना पर गंभीरता से विचार करेगी ताकि ऐसी समस्याओं से समय रहते निपटा जा सके।

मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को विश्वास दिलाया कि सरकार उनके हितों की रक्षा करेगी और जल्द समाधान की दिशा में ठोस पहल की जाएगी।