-
नगरोटा में राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल का भूमि पूजन, ₹5 करोड़ की लागत से बनेगा भवन
-
आरएस बाली ने कहा, नगरोटा को शिक्षा का हब बनाया जाएगा
-
पर्यटन और रोजगार के लिए भी नए प्रोजेक्ट लाए जा रहे हैं
नगरोटा, धर्मशाला। पर्यटन निगम के अध्यक्ष और कैबिनेट रैंक मंत्री आरएस बाली ने कहा है कि नगरोटा विधानसभा क्षेत्र में विकास की एक नई इबारत लिखी जा रही है। कबाड़ी गांव में राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल के भूमि पूजन कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि यह विद्यालय ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों के लिए वरदान साबित होगा और शिक्षा के क्षेत्र में नगरोटा को एक नया आयाम देगा।

आरएस बाली ने बताया कि पांच करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह विद्यालय कांगड़ा जिले का पहला राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल होगा। उन्होंने कहा कि नगरोटा विस क्षेत्र को शिक्षा का हब बनाने की दिशा में पहले ही महत्वपूर्ण संस्थान जैसे इंजीनियरिंग कॉलेज, मेडिकल कॉलेज, आईटीआई और बड़ोह कॉलेज जैसी सुविधाएं विकसित की जा चुकी हैं, जो क्षेत्र की प्रगति का स्पष्ट संकेत हैं।

उन्होंने पूर्व मंत्री जीएस बाली के कार्यों को याद करते हुए कहा कि नगरोटा के विकास की मजबूत नींव उन्होंने रखी थी, और अब उस पर नए विकास कार्य हो रहे हैं। बाली ने यह भी दोहराया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में राज्य सरकार हर वर्ग के उत्थान और समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

पर्यटन और रोजगार के क्षेत्र में भी नगरोटा के लिए विशेष योजनाएं लाई जा रही हैं। नए पर्यटन प्रोजेक्ट्स के साथ-साथ युवाओं के लिए रोजगार मेले भी नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे स्थानीय युवाओं को रोज़गार के अवसर मिल सकें।
भूमि पूजन के इस अवसर पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, एसडीएम मुनीष शर्मा, इंजीनियरिंग कॉलेज के प्रिंसिपल दीपक बसंल, प्रवक्ता संजीव गांधी, और ब्लॉक कांग्रेस के अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।



