Follow Us:

कुल्लू और मंडी में दो सड़क हादसे, एक की मौत, आठ घायल

  • कुल्लू जिले की सैंज घाटी में कार दुर्घटना, तीन परिवारों के 8 सदस्य घायल

  • मंडी जिले में 600 फीट गहरी खाई में कार गिरी, 20 वर्षीय टैक्सी चालक की मौत

  • दोनों हादसों में पुलिस जांच जारी, घायलों का कुल्लू अस्पताल में इलाज


Himachal Road Accident: हिमाचल प्रदेश में सोमवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई जबकि आठ से अधिक लोग घायल हो गए। पहला हादसा कुल्लू जिले की सैंज घाटी में हुआ जहां एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 100 फीट नीचे एक मकान की छत पर जा गिरी। कार में सवार सभी लोग शादी समारोह से लौट रहे थे और यह दुर्घटना सुंडी कैंची के समीप हुई।

कार में तीन परिवारों के आठ लोग सवार थे। घायलों में राकेश कुमार व उनकी पत्नी रीमा देवी निवासी मांशला, धर्मेंद्र कुमार व उनकी बहन रीता निवासी शियारगी, मुस्कान कुमारी निवासी सुचेहन, प्रांजल नेगी, निशांत नेगी और रीना शामिल हैं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सैंज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जोनल अस्पताल कुल्लू रेफर कर दिया गया।

दूसरा हादसा मंडी जिले के सराज विधानसभा क्षेत्र में हुआ, जहां सोमवार देर रात करीब 1 बजे एक ऑल्टो कार (HP-01-M-4882) सड़क से करीब 600 फीट गहरी खाई में गिर गई। इस भीषण हादसे में चालक भूपेंद्र कुमार (20 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। भूपेंद्र गांव धार, डाकखाना जरोल, तहसील थुनाग का निवासी था और टैक्सी चलाने का काम करता था।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को खाई से बाहर निकाला और पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया। SP मंडी साक्षी वर्मा ने बताया कि मामले की जांच जारी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

हिमाचल में बढ़ते सड़क हादसे राज्य में सड़क सुरक्षा की स्थिति पर सवाल खड़े कर रहे हैं। खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में अत्यधिक मोड़ों और संकरी सड़कों के कारण वाहन चालकों को सावधानीपूर्वक ड्राइविंग करनी आवश्यक है।