हिमाचल विधानसभा की लोक उपक्रम समिति की दो दिवसीय बैठकें शिमला में सम्पन्न
विद्युत परिषद से संबंधित सीएजी रिपोर्ट की सिफारिशों पर गहन समीक्षा
बिजली वितरण योजनाओं की प्रगति और तकनीकी हानियों पर चर्चा
हिमाचल प्रदेश विधानसभा की लोक उपक्रम समिति की दो दिवसीय महत्वपूर्ण बैठकें 19 और 20 मई 2025 को शिमला स्थित समिति कक्ष नंबर 1 में आयोजित की गईं। इन बैठकों की अध्यक्षता समिति के सभापति किशोरी लाल ने की। बैठक में विधानसभा सदस्यों विपिन सिंह परमार, विक्रम ठाकुर, इन्द्र दत्त लखनपाल, सुरेन्द्र शौरी, भुवनेश्वर गौड़, पूर्ण चन्द ठाकुर और विवेक शर्मा (विक्कू) ने भाग लिया। इस दौरान विधानसभा सचिव यशपाल शर्मा और अवर सचिव जितेन्द्र सिंह कंवर भी उपस्थित रहे।
बैठकों में समिति ने हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत परिषद लिमिटेड से जुड़ी भारत के नियंत्रक एवं महालेखापरीक्षक (CAG) की आर्थिक रिपोर्ट वर्ष 2010-11 के ऑडिट पैरा संख्या 2.9 से 2.20 तक पर केंद्रित 76वें मूल प्रतिवेदन (2017-18, 12वीं विधानसभा) की सिफारिशों की समीक्षा की। इस समीक्षा में वितरण नेटवर्क योजना, पद्धति सुधार योजनाएं, केंद्रीय प्रायोजित स्कीमों का क्रियान्वयन, ग्रामीण विद्युतीकरण, और त्वरित विद्युत विकास कार्यक्रम जैसे प्रमुख मुद्दों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
इसके अतिरिक्त, समिति ने सकल तकनीकी वाणिज्यिक हानियों, योजनाओं के निष्पादन में देरी से हुए नुकसान और अन्य महत्वपूर्ण तकनीकी एवं प्रशासनिक पहलुओं पर विभाग द्वारा प्रस्तुत उत्तरों का मूल्यांकन किया। समिति की यह समीक्षा राज्य में विद्युत प्रणाली को अधिक पारदर्शी, उत्तरदायी और सुचारु बनाने की दिशा में एक गंभीर प्रयास माना जा रहा है।
लोक उपक्रम समिति की ऐसी समीक्षा बैठकें राज्य के सार्वजनिक उपक्रमों की कार्यप्रणाली को सुदृढ़ करने और जवाबदेही सुनिश्चित करने में निर्णायक भूमिका निभाती हैं। यह पहल जनहित में सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने का भी संकेत देती है।



