-
हरिपुरधार की गुंजन ठाकुर ने नवोदय विद्यालय परीक्षा में तीसरा स्थान प्राप्त किया
-
स्कूल के 9 में से 4 छात्र नवोदय विद्यालय में चयनित, शेष को मिली स्कॉलरशिप
-
पाठशाला बनी शिक्षा क्षेत्र में प्रेरणा का स्रोत, एसएमसी ने मांगा स्कूल ऑफ एक्सीलेंस का दर्जा
राजकीय प्राथमिक केंद्र पाठशाला हरिपुरधार की छात्रा गुंजन ठाकुर ने जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में तीसरा स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस बार भी हरिपुरधार स्कूल से गुंजन ठाकुर और केशव शर्मा का नवोदय विद्यालय की छठी कक्षा में चयन हुआ है। यह स्कूल लगातार ऐसे विद्यार्थियों को तैयार कर रहा है जो नवोदय विद्यालय, सैनिक स्कूल और स्वर्ण जयंती मिडिल मेरिट स्कॉलरशिप योजना जैसी प्रतिष्ठित शैक्षणिक योजनाओं में सफलता प्राप्त कर रहे हैं।
केंद्रीय मुख्य शिक्षिका कृष्णा राणा ने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और अध्यापकों की मेहनत को दिया। उन्होंने कहा कि यह स्कूल आज शिक्षा के क्षेत्र में एक प्रेरणास्रोत बन गया है। जहां अन्य स्कूलों में नामांकन घटने से बंद होने की स्थिति बन रही है, वहीं यहां प्रत्येक वर्ष नामांकन में वृद्धि हो रही है।
एसएमसी अध्यक्ष मानसिंह शर्मा ने बताया कि स्कूल में पढ़ने के लिए बच्चे 15 से 20 किलोमीटर की दूरी से आते हैं। इस वर्ष स्कूल के 9 बच्चों का चयन हुआ, जिनमें से 4 नवोदय विद्यालय में प्रवेश पा चुके हैं जबकि 5 छात्र – अभिषेक, लविश राणा, वंशिका शर्मा, आयुष ठाकुर और पूर्वांश शर्मा – स्वर्ण जयंती मिडिल मेरिट स्कॉलरशिप के तहत प्रत्येक को ₹1,80,000 की छात्रवृत्ति मिल रही है।
पिछले वर्ष दिव्यांश कन्याल का चयन सैनिक स्कूल में हुआ था और उन्होंने स्वर्ण जयंती स्कॉलरशिप में जिला स्तर पर पहला स्थान भी प्राप्त किया था। वर्तमान में स्कूल में 192 विद्यार्थी पंजीकृत हैं, जो इसे शिक्षा खंड संगड़ाह की सर्वाधिक नामांकन वाली पाठशाला बनाता है।
एसएमसी अध्यक्ष मानसिंह ठाकुर ने जिला सिरमौर के उपनिदेशक से आग्रह किया है कि इस पाठशाला को “स्कूल ऑफ एक्सीलेंस” का दर्जा प्रदान किया जाए ताकि यहां के बच्चों को आधुनिक सुविधाएं और संसाधन उपलब्ध कराए जा सकें।



