Follow Us:

बंदरों को भगाने के लिए बंदूक कर रहा था लोड ! अचानक चली गोली और मौत

  • मंडी ज़िले के नेहरा गांव में दर्दनाक हादसा, एक व्यक्ति की मौत

  • फोरेंसिक टीम और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी असली वजह स्पष्ट


Monkey scare turns fatal: हिमाचल प्रदेश के मंडी ज़िले में मंगलवार को एक दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई। नेहरा गांव का रहने वाला खूब सिंह अपने घर के पास बंदरों से परेशान था। हर दिन फसलों को नुकसान पहुंचाने वाले इन बंदरों को डराने के लिए उसने अपनी लाइसेंसी बंदूक निकाली। लेकिन शायद वह नहीं जानता था कि यह कोशिश उसकी जिंदगी का आखिरी कदम बन जाएगी।

जब वह अपनी बंदूक में गोली भरने की तैयारी कर रहा था, तभी अचानक फायरिंग हो गई और गोली सीधे उसके शरीर में जा लगी। गोली इतनी गंभीर थी कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायज़ा लिया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, यह दुर्घटनावश चली गोली थी और कोई आपराधिक साजिश सामने नहीं आई है। हालांकि, RFSL (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएगा

एसपी मंडी ने कहा कि इस मामले में कानूनी प्रक्रिया के तहत सभी कदम उठाए जा रहे हैं और संबंधित पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है

यह घटना एक बार फिर हथियारों के सुरक्षित उपयोग की आवश्यकता पर बड़ा सवाल खड़ा करती है, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में, जहां लोग अक्सर जानवरों को भगाने के लिए बंदूक का सहारा लेते हैं