Follow Us:

हिमाचल विद्युत नियामक आयोग के अध्यक्ष देवेंद्र कुमार शर्मा बने ICOLD के नए अध्यक्ष, चीन में आयोजित बैठक में चुनाव

  • चीन के चेंगदू में आयोजित 93वीं वार्षिक बैठक में हुआ चुनाव

  • 95 वर्षों में दूसरी बार भारत से किसी प्रतिनिधि को मिली अध्यक्षता


 ICOLD President: हिमाचल प्रदेश विद्युत नियामक आयोग (HPERC) के अध्यक्ष देवेंद्र कुमार शर्मा को International Commission on Large Dams (ICOLD) का नया अध्यक्ष चुना गया है। यह चुनाव 20 मई, 2025 को चीन के चेंगदू में आयोजित 93वीं वार्षिक आमसभा और 28वें कांग्रेस के दौरान संपन्न हुआ। यह वैश्विक संस्था 106 सदस्य देशों के साथ बांधों की योजना, डिज़ाइन, निर्माण और सुरक्षा के क्षेत्र में ज्ञान के आदान-प्रदान के लिए एक मंच प्रदान करती है।

भारत वर्ष 1930 से इस संगठन का सदस्य है, और 95 वर्षों में यह दूसरा अवसर है जब किसी भारतीय प्रतिनिधि को अध्यक्ष बनाया गया है। इससे पहले 2019 में कनाडा के ओटावा में श्री शर्मा को उपाध्यक्ष चुना गया था।

अपने चुनाव के बाद श्री शर्मा ने कहा कि एक विकासशील देश के प्रतिनिधि के रूप में उनकी नियुक्ति अपने आप में इस संस्था के लिए एक सकारात्मक बदलाव है। उन्होंने कहा कि वह अपने कार्यकाल में बांधों की सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन से जुड़ी चुनौतियों, हाइड्रोपावर विकास, कम प्रतिनिधित्व वाले देशों की भागीदारी, लैंगिक विविधता और क्षमता निर्माण पर विशेष बल देंगे।

देवेंद्र कुमार शर्मा वर्तमान में हिमाचल प्रदेश विद्युत नियामक आयोग के अध्यक्ष हैं और ऊर्जा एवं जल संसाधन के क्षेत्र में 43 वर्षों का अनुभव रखते हैं। वह राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के अधीन राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बोर्ड के सदस्य भी हैं। इससे पहले वह भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (BBMB) के अध्यक्ष रहे, जहां उन्होंने 2919 मेगावाट की संयुक्त क्षमता वाले छह पनबिजली संयंत्रों और 3705 किलोमीटर लंबी 400 केवी और नीचे की ट्रांसमिशन प्रणाली का प्रबंधन किया।

इसके अतिरिक्त वह हिमाचल पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक भी रह चुके हैं। उनकी जड़ें बिलासपुर जिले के गांव मेहरिन कथला (खसरी) से जुड़ी हुई हैं, जो उनकी सादगी और जमीनी अनुभव को दर्शाता है।