Follow Us:

हिमाचल टूरिज्म: अब मात्र ₹500 में देखें रोहतांग की बर्फीली वादियां, एचआरटीसी ने शुरू की इलेक्ट्रिक बस सेवा

  • एचआरटीसी ने मनाली से रोहतांग के लिए शुरू की इलेक्ट्रिक बस सेवा

  • 500 रुपये में पर्यटक देख सकेंगे बर्फ से ढका 13,050 फीट ऊंचा रोहतांग दर्रा

  • सुबह 9:00 से 9:30 के बीच मनाली से चलेगी बस, मांग बढ़ी तो टाइमिंग होगी पहले


Himachal Tourism: हिमाचल प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) ने मनाली से रोहतांग दर्रा तक इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू कर दी है। अब पर्यटक केवल ₹500 में बर्फ से ढके 13,050 फीट ऊंचे रोहतांग दर्रे की खूबसूरत वादियों का आनंद ले सकेंगे।

एचआरटीसी ने शुरुआत में तीन इलेक्ट्रिक बसें चलाई हैं। लेकिन जैसे-जैसे मांग बढ़ेगी, बसों की संख्या में इजाफा किया जाएगा। गौरतलब है कि एनजीटी (राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण) ने पर्यावरण को नुकसान से बचाने के लिए रोहतांग दर्रा मार्ग पर प्रतिदिन 1,200 वाहनों की सीमा तय की है, जिनमें 800 पेट्रोल और 400 डीजल वाहन होते हैं। ऐसे में इलेक्ट्रिक बसें पर्यावरण के अनुकूल एक विकल्प बनकर उभरी हैं।

बसें हर दिन सुबह 9:00 से 9:30 के बीच मनाली बस अड्डे से रवाना होंगी। यदि सैलानियों की संख्या अधिक होती है, तो समय बदलकर सुबह 5:00 से 6:00 बजे के बीच कर दिया जाएगा। यात्रियों को रोहतांग में घूमने के लिए दो से तीन घंटे का समय दिया जाएगा।

18 मई 2025 से इलेक्ट्रिक बसें शुरू की जा चुकी हैं। अभी ये बसें रोहतांग दर्रे तक सीमित हैं, लेकिन जैसे ही लाहौल की ओर कोकसर मार्ग पूरी तरह खुल जाएगा, तब ये सेवाएं कोकसर, अटल टनल और सोलंगनाला तक भी विस्तारित की जाएंगी।

पर्यटक ऑनलाइन माध्यम से रोहतांग परमिट पहले ही बुक कर रहे हैं। मनाली में प्रतिदिन हजारों पर्यटक पहुंचते हैं, जिनमें से अधिकांश की इच्छा होती है कि वे रोहतांग की बर्फबारी का अनुभव लें। ऐसे में यह इलेक्ट्रिक बस सेवा पर्यावरणीय और आर्थिक दोनों दृष्टिकोण से फायदेमंद साबित होगी।