-
अमृत भारत योजना के तहत हिमाचल के बैजनाथ पपरोला रेलवे स्टेशन का कायाकल्प, पीएम करेंगे उद्घाटन
-
डबवाली (हरियाणा) स्टेशन पर भी 13.22 करोड़ की लागत से हुआ नवीनीकरण, सुबह 9.30 बजे उद्घाटन
-
बैजनाथ स्टेशन पर भव्य तैयारियां, हिमाचल के आध्यात्मिक और पर्यटन विकास को मिलेगा नया आयाम
Baijnath Station: अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 मई को देश के विभिन्न स्टेशनों के साथ हिमाचल प्रदेश के बैजनाथ पपरोला रेलवे स्टेशन और हरियाणा के डबवाली रेलवे स्टेशन का भी वर्चुअली उद्घाटन करेंगे। यह आयोजन सुबह 9:30 बजे से निर्धारित है, जिसका लाइव प्रसारण संबंधित स्टेशनों पर किया जाएगा। इस योजना के तहत बैजनाथ और डबवाली जैसे ऐतिहासिक स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं और यात्रियों की सुविधा के अनुरूप अपग्रेड किया गया है।

हिमाचल प्रदेश का बैजनाथ पपरोला स्टेशन, कांगड़ा घाटी रेलवे का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो न सिर्फ एक धार्मिक केंद्र के तौर पर प्रसिद्ध है बल्कि पर्यटन और स्थानीय व्यापार के लिहाज से भी रणनीतिक महत्व रखता है। यह स्टेशन भगवान शिव के पौराणिक बैजनाथ मंदिर के नजदीक स्थित है और यहाँ सालभर देशभर से श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। अमृत भारत योजना के तहत इसे एक आधुनिक व संरचनात्मक रूप से बेहतर स्टेशन के रूप में विकसित किया गया है। इसके अंतर्गत प्रतीक्षालय, डिजिटल डिस्प्ले, लिफ्ट, एस्केलेटर, बेहतर टिकट काउंटर, पेयजल, स्वच्छता और पर्यावरण के अनुकूल सुविधाएं विकसित की गई हैं।

हिमाचल में पर्यटन की रीढ़ माने जाने वाले इस क्षेत्र में स्टेशन के कायाकल्प से न केवल श्रद्धालुओं को सुविधा होगी, बल्कि स्थानीय रोजगार और व्यापारिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी। यह नवीनीकरण प्रदेश में रेल सुविधाओं को नई दिशा देगा और पर्वतीय क्षेत्रों को शेष भारत से जोड़ने की सपनों की कड़ी को और मजबूत बनाएगा।

वहीं, हरियाणा के सिरसा जिले के डबवाली रेलवे स्टेशन पर भी तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है। इस स्टेशन का कायाकल्प 13.22 करोड़ रुपए की लागत से किया गया है। स्टेशन पर बड़ी एलईडी स्क्रीन, बैठने की व्यवस्था और गर्मी से बचाव के प्रबंध किए गए हैं। उद्घाटन अवसर पर हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय डबवाली में मौजूद रहेंगे, जो पहले सिरसा एयरबेस पहुंचकर वहां से हेलिकॉप्टर द्वारा डबवाली जाएंगे।
डबवाली स्टेशन का ऐतिहासिक महत्व भी कम नहीं है। सन 1903 में यहां रेल सेवा शुरू हुई थी और अब यह हरियाणा के बठिंडा-बिकानेर रूट का एकमात्र स्टेशन है। वर्तमान में यहां से 24 यात्री ट्रेनें और लगभग 30 मालगाड़ियां गुजरती हैं। इस स्टेशन का विकास न सिर्फ यात्रियों को राहत देगा बल्कि क्षेत्रीय व्यापार और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी गति प्रदान करेगा।



