Follow Us:

बैजनाथ-पपरोला रेलवे स्टेशन का उद्घाटन, PM मोदी ने जनता को समर्पित किया

  • PM मोदी ने बैजनाथ-पपरोला रेलवे स्टेशन का किया उद्घाटन, राजस्थान से वर्चुअली जुड़े

  • स्टेशन में AC वेटिंग हॉल, रिटायरिंग रूम, शिशु आहार कक्ष जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध

  • दिव्यांगजनों और यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखकर किया गया पुनर्विकास



Baijnath Station: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को राजस्थान के बीकानेर से वर्चुअली जुड़कर देशभर के 103 रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया। इस दौरान हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में स्थित बैजनाथ-पपरोला रेलवे स्टेशन को भी अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत नवनिर्मित रूप में जनता को समर्पित किया गया। यह स्टेशन पठानकोट-जोगिंदरनगर नैरो गेज रेललाइन पर स्थित है और उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल के अंतर्गत आता है।

नए रूप में सामने आया बैजनाथ-पपरोला स्टेशन यात्रियों के लिए कई अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है। इसमें वातानुकूलित प्रतीक्षालय, रिटायरिंग रूम, शिशु आहार कक्ष जैसी सुविधाएं जोड़ी गई हैं। प्लेटफॉर्म पर 20 स्टील की बेंचें, 2 जल बूथ और 1 वाटर कूलर लगाए गए हैं। स्टेशन को पूरी तरह से दिव्यांगजनों के अनुकूल बनाया गया है, जिसमें प्रवेश रैंप, विशेष शौचालय, अलग बुकिंग खिड़की और विशेष पार्किंग क्षेत्र शामिल हैं।

स्टेशन का डिजाइन लोकल संस्कृति और वास्तुकला से प्रेरित है। यह स्टेशन हिमाचल के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों जैसे बैजनाथ मंदिर, ज्वालामुखी मंदिर, चिंतपूर्णी मंदिर, मसरोर मंदिर और कांगड़ा किला के यात्रियों के लिए एक अहम पड़ाव बन गया है। इससे न केवल आम यात्रियों को सहूलियत मिलेगी, बल्कि क्षेत्रीय पर्यटन को भी नया बल मिलेगा।

कांगड़ा से सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने कहा कि यह स्टेशन हिमाचल के लिए गर्व का विषय है और इससे कांगड़ा की अर्थव्यवस्था, पर्यटन और यात्री अनुभव को बढ़ावा मिलेगा।

गौरतलब है कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर में 1309 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। हिमाचल प्रदेश में अम्ब अंदौरा, पालमपुर और शिमला रेलवे स्टेशनों का भी इसी योजना के तहत उन्नयन हो रहा है, जहां रूफ प्लाजा, फूड कोर्ट, बच्चों के खेल क्षेत्र, बेहतर रोशनी जैसी सुविधाएं दी जाएंगी।