Follow Us:

कुल्लू में पार्वती नदी में बह गए दो लोग, बरशैणी बांध से अचानक छोड़ा गया पानी

  • बरशैणी जल विद्युत परियोजना से अचानक छोड़ा गया पानी

  • पार्वती नदी में दो लोग बहे, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

  • पुलिस और प्रशासन तलाश में जुटे, बिना सूचना जल छोड़ने पर सवाल


हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में पार्वती नदी में अचानक जल स्तर बढ़ने से दो लोग बह गए, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि बरशैणी स्थित जल विद्युत परियोजना बांध से बिना किसी पूर्व सूचना के पानी छोड़ा गया, जिसके चलते नदी का बहाव तेज हो गया और यह हादसा हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कसोल के पास दो लोगों को तेज बहाव में बहते हुए देखा गया, जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें सक्रिय हो गई हैं और लापता लोगों की तलाश की जा रही है।

तहसीलदार जरी हेम राज ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि पार्वती नदी में दो लोगों के बहने की सूचना मिली है, और प्रशासन इसकी जांच कर रहा है। इस हादसे ने बांध से पानी छोड़े जाने की प्रक्रिया और सुरक्षा प्रोटोकॉल पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि बिना किसी चेतावनी के पानी छोड़ा जाना नियमों का उल्लंघन माना जाता है।