Follow Us:

सिंदूर अब बारूद बन गया है

  • PM मोदी ने बीकानेर रैली में पाकिस्तान को दी खुली चेतावनी, कहा – अब सीने पर कर रहे हैं प्रहार

  • ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद बोले – भारत का यह रौद्र रूप है, समग्र भारत का जवाब

  • मोदी बोले – “मोदी की नसों में लहू नहीं, गर्म सिंदूर बह रहा है”, 22 मिनट में लिया 22 तारीख का बदला


Operation Sindoor: ऑपरेशन सिंदूर की ऐतिहासिक सफलता के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के बीकानेर में अपनी पहली जनसभा में पाकिस्तान को खुली चेतावनी दी। भारत की सेनाओं द्वारा चलाए गए इस जवाबी सैन्य अभियान को ‘भारत का रौद्र रूप’ बताते हुए मोदी ने भावनात्मक और तीखे तेवरों में पाकिस्तान को ललकारा।

प्रधानमंत्री ने कहा, “पाकिस्तान अब यह भूल गया है कि मां भारती का सेवक सीना तानकर खड़ा है। मोदी का दिमाग ठंडा रहता है, लेकिन लहू गर्म है। मोदी की नसों में लहू नहीं, गर्म सिंदूर बह रहा है।”

भीड़ के जयघोष के बीच उन्होंने कहा, “देशवासियों, ये प्रतिशोध का खेल नहीं, न्याय का नया स्वरूप है। ये ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ आक्रोश नहीं, यह समग्र भारत की चेतना का रौद्र रूप है। पहले घर में घुसकर वार किया था, अब सीधे सीने पर प्रहार किया है।”

ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सेनाओं ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में घुसकर आतंकवादी ठिकानों पर हमला किया, जिसमें 100 से अधिक आतंकी मारे गए और पाकिस्तान की वायुसेना को भी गंभीर क्षति पहुंचाई गई। मोदी ने कहा कि “22 तारीख को हमला हुआ और 22 मिनट में भारत ने जवाब दिया।”

प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा, “जो सिंदूर मिटाने निकले थे, उन्हें मिट्टी में मिला दिया गया। जो हिंदुस्तान का लहू बहाते हैं, आज हिसाब चुका रहे हैं। जो भारत की चुप्पी पर घमंड करते थे, वे आज मलबे में दबे हैं।”

पीएम का यह बयान केवल एक राजनीतिक भाषण नहीं बल्कि देशवासियों को साहस, सुरक्षा और आत्मगौरव का स्पष्ट संदेश था। उन्होंने ‘सौगंध मुझे इस मिट्टी की, मैं देश नहीं मिटने दूंगा’ की पंक्तियों के साथ पाकिस्तान को स्पष्ट शब्दों में बताया कि भारत अब हर हमले का माकूल जवाब देगा।