Follow Us:

आदित्य पंचोली ने मां चिंतपूर्णी से मांगी बेटे की फिल्म के लिए दुआ

  • अभिनेता आदित्य पंचोली ने चिंतपूर्णी मंदिर में बेटे सूरज की फिल्म केसरी वीर के लिए विशेष पूजा करवाई

  • फिल्म केसरी वीर 23 मई 2025 को रिलीज, सूरज पंचोली निभा रहे हमीरजी गोहिल का किरदार

  • फिल्म में सोमनाथ मंदिर की रक्षा की ऐतिहासिक गाथा दिखाई गई है, सुनील शेट्टी और विवेक ओबेरॉय भी मुख्य भूमिकाओं में


Kesari Veer movie: बॉलीवुड अभिनेता आदित्य पंचोली ने अपने बेटे सूरज पंचोली की आने वाली फिल्म “केसरी वीर” की सफलता के लिए हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध चिंतपूर्णी मंदिर में ऑनलाइन माध्यम से विशेष पूजा-अर्चना करवाई है। यह पूजा पुजारी गगन कालिया की देखरेख में हुई, जहां फिल्म का पोस्टर लेकर मां चिंतपूर्णी के दरबार में हवन और विशेष प्रार्थना की गई। आदित्य पंचोली ने इस बारे में एक वीडियो संदेश जारी कर कहा कि उन्होंने मां चिंतपूर्णी से फिल्म की सफलता की कामना की है और अपने बेटे के उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद मांगा है।

फिल्म केसरी वीर एक ऐतिहासिक महागाथा है, जो सोमनाथ मंदिर की रक्षा के लिए लड़ी गई लड़ाई पर आधारित है। फिल्म में सूरज पंचोली ने हमीरजी गोहिल की भूमिका निभाई है, जो तुगलक साम्राज्य के खिलाफ वीरता से लड़े थे। सुनील शेट्टी फिल्म में राजा वगदाजी भील, जबकि विवेक ओबेरॉय खलनायक की भूमिका में हैं। फिल्म का निर्देशन प्रिंस धीमान ने किया है और इसमें आकांक्षा शर्मा भी प्रमुख भूमिका में नजर आएंगी।

यह फिल्म 23 मई 2025 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है और इसे लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्सुकता है। आदित्य पंचोली की यह धार्मिक आस्था और परंपरागत आशीर्वाद लेने की पहल फिल्म के प्रचार का भी एक हिस्सा मानी जा रही है, जिससे फिल्म को आध्यात्मिक समर्थन भी मिल रहा है।