-
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से की भेंट
-
सेब पर आयात शुल्क बढ़ाने और राज्य की उधारी सीमा में वृद्धि का किया आग्रह
-
वित्तीय प्रबंधन सुधारों और राज्य की बजटीय आवश्यकताओं पर केंद्र को दी जानकारी
Himachal Budget Meeting: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मंगलवार शाम नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात कर राज्य से जुड़े महत्वपूर्ण वित्तीय मुद्दों पर चर्चा की। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य हिमाचल की आर्थिक स्थिति को स्थिर बनाए रखने, राजकोषीय प्रबंधन सुधारों को बल देने और सेब उत्पादकों के हितों की रक्षा करना रहा।
मुख्यमंत्री ने तुर्की से आयातित सेब पर चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि इससे स्थानीय बागवानों को गहरा नुकसान हो रहा है। उन्होंने सेब पर आयात शुल्क में सर्वव्यापी वृद्धि करने की पुरजोर मांग की, जिससे हिमाचल सहित देशभर के सेब उत्पादकों को राहत मिल सके।
मुख्यमंत्री ने यह भी आग्रह किया कि विशेष श्रेणी राज्यों की उधारी सीमा को कम से कम 2 प्रतिशत तक बढ़ाया जाए, ताकि राज्य सरकार अधिक संसाधन जुटा सके और विकास परियोजनाओं को गति दे सके।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने वित्त मंत्री को यह बताया कि राज्य सरकार ने वित्तीय अनुशासन, खर्चों में कटौती और संसाधनों की प्रभावी निगरानी जैसे कई कदम उठाए हैं, ताकि वित्तीय स्थिरता बनी रहे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कई बाधाओं के बावजूद सरकार राजस्व बढ़ाने के प्रयासों में जुटी है।
बैठक में मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, प्रधान सलाहकार राम सुभग सिंह, और प्रधान सचिव वित्त देवेश कुमार भी मौजूद रहे।



