Follow Us:

25 मई को होगी UPSC प्रारंभिक परीक्षा, धर्मशाला में 864 अभ्यर्थी

  • UPSC सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 25 मई को होगी आयोजित

  • धर्मशाला के तीन परीक्षा केंद्रों पर 864 अभ्यर्थी होंगे शामिल

  • परीक्षा को लेकर DC कार्यालय में समीक्षा बैठक, यूपीएससी अधिकारियों ने दिए दिशा-निर्देश


धर्मशाला, 23 मई: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC), नई दिल्ली की प्रतिष्ठित सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 25 मई 2025 को आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए धर्मशाला में तीन परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां 864 अभ्यर्थी भाग लेंगे।

उपायुक्त हेमराज बैरवा ने शुक्रवार को उपायुक्त कार्यालय के एनआईसी सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह जानकारी दी। बैठक में संघ लोक सेवा आयोग के अतिरिक्त सचिव पंकज हजारिका, अंडर सचिव सुभाशीष रॉय और दीप पंत ने विशेष रूप से भाग लिया। UPSC अधिकारियों ने परीक्षा आयोजन से संबंधित जरूरी मार्गदर्शन और अधिकारियों के दायित्वों की जानकारी दी।

धर्मशाला में परीक्षा के लिए बनाए गए केंद्र:

  • राजकीय (छात्र) वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धर्मशाला

  • राजकीय (छात्रा) वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धर्मशाला

  • राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धर्मशाला

उपायुक्त बैरवा ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों में बिजली, पानी और बैठने की उचित व्यवस्था समय पर पूरी की जाए। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। उन्होंने कहा कि धर्मशाला में परीक्षा केंद्र होने से आसपास के जिलों के अभ्यर्थियों को भी राहत मिलेगी

अतिरिक्त सचिव पंकज हजारिका ने बताया कि परीक्षा दो सत्रों में आयोजित होगी — पहला सत्र प्रातः 9:30 से 11:30 और दूसरा सत्र दोपहर 2:30 से 4:30 बजे तक। उम्मीदवारों को परीक्षा आरंभ होने से एक घंटे पहले केंद्र पर पहुंचने का निर्देश दिया गया है।

बैठक में एडीएम शिल्पी बेक्टा, एसीटूडीसी सुभाष गौतम, शिक्षा और डाक विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।