Follow Us:

मुख्यमंत्री ने मरणोपरांत कीर्ति चक्र एवं शौर्य चक्र से सम्मानित वीर सपूतों को अर्पित की श्रद्धांजलि

  • राष्ट्रपति ने वीर सपूत दिलवर खान और रोहित कुमार नेगी को मरणोपरांत कीर्ति चक्रशौर्य चक्र से किया सम्मानित

  • मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की

  • वीर जवानों के बलिदान को प्रदेश के लिए गौरव बताया गया


शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के वीर जवानों को मरणोपरांत कीर्ति चक्र और शौर्य चक्र जैसे सर्वोच्च सैन्य सम्मानों से सम्मानित किया जाना पूरे प्रदेश के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने इन वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बलिदान और शौर्य को अविस्मरणीय बताया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने वीरवार सायं नई दिल्ली में आयोजित समारोह में ऊना जिला के घरवासड़ा गांव के गनर नायक दिलवर खान को कीर्ति चक्र और किन्नौर जिला के तरांडा गांव के हवलदार रोहित कुमार नेगी को शौर्य चक्र से मरणोपरांत सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सम्मान केवल हिमाचल ही नहीं, पूरे देश के लिए प्रेरणा है। गनर नायक दिलवर खान और हवलदार रोहित नेगी जैसे वीर सपूतों की शहादत ने हिमाचल को वीर भूमि का दर्जा दिलाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के जवानों ने हमेशा ही देश की रक्षा में आगे बढ़कर शत्रुओं से लोहा लिया है और उनका बलिदान इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज रहेगा।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यह सम्मान प्रदेशवासियों के लिए गर्व, श्रद्धा और भावुकता का क्षण है। इन वीरों की कहानी आने वाली पीढ़ियों को भी देशभक्ति और समर्पण की प्रेरणा देती रहेगी।