Follow Us:

मणिमहेश यात्रा के लिए हेली टैक्सी बुकिंग अब ऑनलाइन होगी

  • भरमौर जाकर बुकिंग कराने की जरूरत खत्म, घर बैठे टिकट सुविधा

  • ट्रस्ट बैठक में तीन साल की एग्रीमेंट नीति पर सहमति, किराया घटने की उम्मीद


भरमौर (चंबा), 23 मई — मणिमहेश यात्रा में शामिल होने जा रहे श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब हेली टैक्सी सेवा के लिए टिकट घर बैठे ऑनलाइन ही बुक किए जा सकेंगे। यह निर्णय मणिमहेश न्यास ट्रस्ट की बैठक में लिया गया है, जिससे भरमौर जाकर घंटों लंबी कतारों में खड़े रहने की परेशानी से छुटकारा मिलेगा।

मणिमहेश मंदिर न्यास पोर्टल के माध्यम से श्रद्धालु सीधे हेली टैक्सी की टिकट बुकिंग कर सकते हैं। यह बदलाव यात्रा की योजना बनाने में सुविधा, समय और धन की बचत और भीड़ नियंत्रण जैसे पहलुओं को ध्यान में रखकर किया गया है।

न्यास ट्रस्ट ने यह भी निर्णय लिया है कि अब हेली टैक्सी सेवा प्रदाता कंपनी के साथ एक साल की जगह तीन साल का एग्रीमेंट किया जाएगा। इससे सेवा लागत घटने और यात्रियों को किराए में राहत मिलने की संभावना है। अभी तक श्रद्धालुओं को हेली सेवा के लिए करीब ₹4,000 खर्च करने पड़ते थे।

मणिमहेश न्यास के अध्यक्ष और एडीएम भरमौर कुलबीर सिंह राणा ने बताया कि ऑनलाइन बुकिंग से यात्रा ज्यादा व्यवस्थित होगी और भीड़ को नियंत्रित करना भी संभव होगा। न्यास ट्रस्ट मणिमहेश यात्रा को अधिक सुगम और श्रद्धालुओं के अनुकूल बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।

गौरतलब है कि इस वर्ष मणिमहेश यात्रा 15 अगस्त से 31 अगस्त तक आयोजित की जाएगी।