Follow Us:

शालिनी अग्निहोत्री को मिली चार साल की केंद्रीय प्रतिनियुक्ति, स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, दिल्ली में उप सचिव नियुक्त

  • आईपीएस शालिनी अग्निहोत्री को स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, दिल्ली में उप सचिव नियुक्त किया गया

  • यह नियुक्ति चार वर्षों के लिए या अगले आदेश तक, जो पहले लागू हो, प्रभावी रहेगी

  • कार्मिक विभाग के आदेश अनुसार तीन सप्ताह में ज्वाइनिंग अनिवार्य, अन्यथा डिबारमेंट की प्रक्रिया शुरू होगी


नई दिल्ली/शिमला: हिमाचल प्रदेश काडर की 2012 बैच की आईपीएस अधिकारी शालिनी अग्निहोत्री, जिन्हें हाल ही में गृह मंत्रालय (M/o Home Affairs) द्वारा केंद्रीय प्रतिनियुक्ति (Central Deputation) के लिए अनुशंसित किया गया था, को स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग (Department of School Education & Literacy), नई दिल्ली में उप सचिव (Deputy Secretary) के पद पर नियुक्त किया गया है।

यह नियुक्ति केंद्रीय कार्मिक योजना (Central Staffing Scheme) के तहत चार वर्षों की अवधि के लिए की गई है या तब तक जब तक कोई अन्य आदेश पारित नहीं होता — जो भी पहले हो। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoP&T) द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि शालिनी अग्निहोत्री को तत्काल प्रभाव से वर्तमान पद से कार्यमुक्त किया जाए ताकि वह दिल्ली स्थित अपने नए पद पर कार्यभार ग्रहण कर सकें।

साथ ही, आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि अधिकारी नियुक्ति आदेश की तिथि से तीन सप्ताह के भीतर पद ग्रहण नहीं करती हैं, तो केंद्रीय कार्मिक योजना (Central Staffing Scheme) के अंतर्गत उनके डिबारमेंट की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। यह निर्देश कैबिनेट नियुक्ति समिति (ACC) द्वारा 17 अगस्त 2005 के सर्कुलर संख्या 3/4/2004-EO(MM-1) के तहत जारी निर्देशों के आधार पर है।

इस आदेश पर गृह मंत्रालय के सचिव गोविंद मोहन का अनुमोदन है और यह आदेश कार्मिक विभाग की निदेशक साक्षी मित्तल द्वारा हस्ताक्षरित है।