-
देश की संप्रभुता को खतरे में डालने के आरोप में देहरा उपमंडल से युवक गिरफ्तार
- एके-47 और पिस्टल के साथ वीडियो मिलने पर गहराया शक, जांच में जुड़े पाकिस्तानी-बांग्लादेशी कनेक्शन
National Security: हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के देहरा उपमंडल से राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप में गिरफ्तार अभिषेक को अदालत ने 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी की गिरफ्तारी तब हुई जब उसके संदिग्ध व्हाट्सएप कॉल और सोशल मीडिया गतिविधियों ने खुफिया एजेंसियों को सतर्क कर दिया।
सूत्रों के अनुसार, खुफिया एजेंसियों ने युवक के व्यवहार पर संदेह जताते हुए हिमाचल पुलिस को सतर्क किया था। इसके बाद देहरा पुलिस की एक विशेष टीम ने युवक की सोशल मीडिया गतिविधियों और दैनिक जीवन पर एक सप्ताह तक नजर रखी। संदेह गहराने पर बुधवार सुबह पुलिस ने युवक को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, युवक के पास से जब्त मोबाइल फोन से कई जानकारियां जुटाई जा रही हैं। हालांकि, कई संदिग्ध सामग्री डिलीट कर दी गई है, लेकिन एक ऐसा वीडियो मिला है जिसे वह डिलीट नहीं कर पाया। इस वीडियो में एके-47 जैसी दिखने वाली राइफल की बुलेट से उसका नाम लिखा हुआ है, साथ ही दो पिस्टल और तीन राइफलें भी वीडियो में नजर आ रही हैं।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि युवक के सोशल मीडिया अकाउंट की फ्रेंड लिस्ट में पाकिस्तान और बांग्लादेश के कई लोग शामिल हैं, जिनमें से कुछ गन के साथ वीडियो बनाने वाले भी हैं। यह जांच का विषय बना है कि यह वीडियो उसके अकाउंट में कैसे आया और पाकिस्तानी/बांग्लादेशी लोगों से उसका संपर्क कैसे हुआ।
डीएसपी देहरा अनिल कुमार ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है और हर पहलू को ध्यान में रखा जा रहा है। क्या कोई स्लीपर सेल इस क्षेत्र में सक्रिय है, यह भी जांच का एक महत्वपूर्ण हिस्सा होगा। वहीं, युवक की गिरफ्तारी से उसका गांव स्तब्ध है।



