-
थाना देहरा और ज्वालामुखी को सरकार ने दी हाईटेक मोटरसाइकिलें
-
बाइकों में आग बुझाने के उपकरण और फर्स्ट एड किट उपलब्ध
-
ट्रैफिक कंट्रोल और आपातकालीन स्थितियों में मिलेगी त्वरित सहायता
जसवां प्रागपुर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले थाना देहरा और ज्वालामुखी को प्रदेश सरकार की ओर से आधुनिक सुविधाओं से लैस दो हाईटेक मोटरसाइकिलें प्रदान की गई हैं। ये मोटरसाइकिलें विशेष रूप से सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, ट्रैफिक नियंत्रण और आपातकालीन स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया के उद्देश्य से दी गई हैं।
प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इन बाइकों में आग बुझाने के यंत्र और प्राथमिक चिकित्सा किट (फर्स्ट एड किट) जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं। इससे पुलिस कर्मियों को सड़क दुर्घटनाओं, ट्रैफिक जाम या किसी भी आकस्मिक आपदा में शीघ्र मौके पर पहुंचकर सहायता उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इन हाईटेक बाइकों की मदद से ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर तरीके से संभाला जा सकेगा और किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में तेजी से प्रतिक्रिया दी जा सकेगी। साथ ही, इन बाइकों के उपयोग से गांवों और भीतरी इलाकों में भी पहुंच आसान होगी, जहां बड़े वाहन पहुंचने में दिक्कत होती है।
यह पहल प्रदेश में स्मार्ट और प्रतिक्रियाशील पुलिसिंग को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है, जिसे स्थानीय जनता और जनप्रतिनिधियों से भी सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है।



