Follow Us:

सिरमौर के लांस नायक मनीष कुमार सिक्किम में हुए शहीद

  • सिरमौर के बड़ाबन गांव निवासी लांस नायक मनीष कुमार सिक्किम में हुए शहीद, भूस्खलन की चपेट में आए

  • मनीष 3 डोगरा रेजीमेंट में तैनात थे और आपदा राहत कार्य में जुटे थे, तीन महीने पहले हुई थी शादी

  • मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शोक जताया, परिवार को जल्द मिलेगा पार्थिव शरीर


हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के बड़ाबन गांव से संबंध रखने वाले लांस नायक मनीष कुमार रविवार शाम सिक्किम में आपदा राहत कार्य के दौरान भूस्खलन की चपेट में आकर वीरगति को प्राप्त हो गए। 3 डोगरा रेजीमेंट में तैनात मनीष वर्तमान में सिक्किम के छत्ते नामक स्थान पर तैनात थे, जहां बाढ़ और भूस्खलन के चलते राहत और निगरानी कार्य चल रहे थे। मनीष का बलिदान रविवार शाम करीब 7:30 बजे हुआ।

सैनिक कल्याण बोर्ड के उपनिदेशक सेवानिवृत्त मेजर दीपक धवन ने मनीष कुमार की शहादत की पुष्टि करते हुए बताया कि सिक्किम में हालात बेहद कठिन हैं। आपदा राहत कार्य के दौरान मनीष जैसे जांबाज सैनिकों की तैनाती की गई थी। 27 वर्षीय मनीष का जन्म 15 जनवरी 1998 को हुआ था और वे वर्ष 2016 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे।

इस दुःखद समाचार के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। मनीष अपने पीछे पत्नी तनु देवी, माता किरण बाला और पिता जोगिंदर सिंह को छोड़ गए हैं। मनीष की शादी अभी तीन महीने पहले ही हुई थी, जिससे यह समाचार परिवार के लिए और भी अधिक पीड़ादायक बन गया है।

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मनीष की शहादत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया पर संवेदनाएं प्रकट की हैं। उन्होंने लिखा, “सिरमौर जिले के नाहन उपमंडल के बड़ाबन गांव निवासी लांस नायक मनीष ठाकुर जी के सिक्किम में ड्यूटी के दौरान शहीद होने का समाचार अत्यंत दुःखद है… ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति और परिवार को संबल मिले।”

मनीष की पार्थिव देह सोमवार शाम या मंगलवार को पैतृक गांव पहुंचने की संभावना है, जहां पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।