-
शिमला जिले की नगर परिषदों और नगर पंचायतों के वार्ड परिसीमन के प्रस्ताव हुए जारी
-
9 जून 2025 तक नागरिक फॉर्म-2 के माध्यम से सुझाव/आपत्ति दर्ज कर सकते हैं
-
प्रस्ताव डीसी शिमला के ई-गजट पोर्टल और संबंधित कार्यालयों में उपलब्ध
शिमला, पराक्रम चंद : शिमला जिले की नगर परिषदों और नगर पंचायतों में वार्डों के परिसीमन और सीमा निर्धारण संबंधी प्रस्ताव 9 जून 2025 तक जनता के अवलोकन और सुझाव/आपत्ति हेतु सार्वजनिक कर दिए गए हैं। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (प्रोटोकॉल) ज्योति राणा ने जानकारी दी कि ये प्रस्ताव नगर परिषद रोहड़ू, ठियोग, रामपुर और सुन्नी तथा नगर पंचायत नारकंडा, कोटखाई, जुब्बल, नेरवा, चौपाल और चिड़गांव के लिए जारी किए गए हैं।
प्रत्येक परिषद और वार्ड की सीमाओं से संबंधित ये प्रस्ताव उपायुक्त शिमला के कार्यालय, संबंधित उपमंडल अधिकारी (नागरिक) कार्यालय, नगर परिषदों एवं नगर पंचायत सचिवालयों में 9 जून 2025 तक कार्यालय समय के दौरान निरीक्षण के लिए उपलब्ध रहेंगे। साथ ही यह प्रस्ताव शिमला उपायुक्त कार्यालय के ई-गजट या आधिकारिक वेबसाइट पर भी प्रकाशित कर दिए गए हैं।
यदि कोई नागरिक इन परिसीमन प्रस्तावों से असहमत है या उनके पास कोई उपयुक्त सुझाव या आपत्ति है, तो वह इसे फॉर्म-2 के माध्यम से 9 जून 2025 तक उपायुक्त कार्यालय शिमला को प्रस्तुत कर सकता है। सभी आपत्तियों व सुझावों पर विचार करने के पश्चात ही अंतिम प्रस्ताव को अनुमोदन हेतु आगे बढ़ाया जाएगा।
यह प्रक्रिया जनसहभागिता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की जा रही है, ताकि नगर विकास योजनाएं अधिक प्रभावी और स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप बनाई जा सकें।



