Follow Us:

हिमाचल में कोरोना का दूसरा मामला: नालागढ़ की निजी कंपनी में महिला कर्मी पॉजिटिव, ट्रैवल हिस्ट्री नहीं

  • सिरमौर के बाद अब सोलन जिला नालागढ़ में मिला कोरोना का दूसरा केस

  • निजी कंपनी की महिला कर्मचारी पाई गई कोरोना संक्रमित, आइसोलेशन में रखा गया

  • प्रशासन अलर्ट, संपर्क में आए लोगों की टेस्टिंग पर नहीं बनी स्पष्ट गाइडलाइन



CoronaHimachal: हिमाचल प्रदेश में कोरोना संक्रमण ने फिर से दस्तक दे दी है। सिरमौर के बाद अब सोलन जिला के नालागढ़ उपमंडल की एक निजी कंपनी में कार्यरत महिला कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। बताया जा रहा है कि महिला को कुछ दिन पहले सर्दी-जुकाम की शिकायत हुई थी, जिसके बाद उसने नालागढ़ के एक निजी अस्पताल में खुद से कोरोना टेस्ट करवाया। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद अस्पताल प्रशासन ने इसकी सूचना बीएमओ नालागढ़ डॉ. कविराज नेगी को दी।

बीएमओ ने पुष्टि करते हुए बताया कि महिला को तुरंत आइसोलेट कर दिया गया है और आलाधिकारियों को सूचित किया गया है। हालांकि महिला की कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है और अभी तक उसके संपर्क में आए लोगों के सैंपल नहीं लिए गए हैं। बीएमओ के अनुसार, सरकार या स्वास्थ्य विभाग की ओर से ऐसे मामलों में संपर्क में आए लोगों के लिए सैंपलिंग की कोई स्पष्ट गाइडलाइन नहीं दी गई है।

प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए एहतियातन अलर्ट जारी कर दिया है और संबंधित निजी कंपनी को निर्देश दिए हैं कि सर्दी-जुकाम के लक्षण वाले किसी भी कर्मचारी को तुरंत टेस्ट करवाया जाए। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे मास्क पहनें, भीड़भाड़ से बचें और लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराएं।

इस नए केस के बाद प्रदेश में दो एक्टिव कोरोना केस हो गए हैं, जिससे स्वास्थ्य महकमे की चिंता बढ़ गई है।