Follow Us:

चंबा के तीसा में कार खाई में गिरी, सास और दामाद की मौत

  • चंबा के तीसा में कार दुर्घटना, सास और दामाद की दर्दनाक मौत

  • गाड़ी पर गिरा पहाड़ी से पत्थर, करीब 150 फीट नीचे गिरी कार

  • मृतकों की पहचान खेमराज और देई देवी के रूप में हुई


चंबा (हिमाचल प्रदेश)। जिला चंबा के दुर्गम क्षेत्र तीसा में एक दर्दनाक कार हादसे में सास और दामाद की जान चली गई। यह हादसा तब हुआ जब खेमराज (36) अपनी सास देई देवी (55) को लेकर तीसा की ओर जा रहा था। जानकारी के अनुसार, एक बड़ा पत्थर अचानक पहाड़ी से गिरकर गाड़ी पर आ गिरा, जिससे गाड़ी करीब 150 फीट नीचे खाई में जा गिरी।

देई देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि खेमराज को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। खेमराज राजकीय कोषागार (ट्रेजरी) में कार्यरत था और अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चों को छोड़ गया है।

देई देवी अपनी बेटी से मिलने के लिए तीसा आई थीं। मगर यह यात्रा एक दर्दनाक हादसे में तब्दील हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से शवों को खाई से निकाल कर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से उन्हें पोस्टमॉर्टम के लिए चंबा मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पूरे क्षेत्र में इस हादसे को लेकर शोक की लहर है।