Follow Us:

मुख्यमंत्री सुक्खू ने गगरेट में दी 221 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, बोले- बीजेपी को नहीं दिखता विकास

  • गगरेट में मुख्यमंत्री ने 221 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का किया शिलान्यास और उद्घाटन

  • स्वां नदी पर 400 मीटर लंबे पुल समेत सड़क और पेयजल योजनाओं की नींव रखी

  • पत्रकारों से बातचीत में सीएम सुक्खू ने कहा, बीजेपी को नहीं दिखता जनता का विकास

ऊना, ज्‍योति स्‍याल:  हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू अपने दो दिवसीय ऊना जिले के प्रवास के दौरान 7 जून को गगरेट विधानसभा क्षेत्र पहुंचे, जहां उन्होंने लगभग 221 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत स्वां नदी पर 400 मीटर लंबे पुल सहित दर्जनों पेयजल, शिक्षा और सड़कों से जुड़ी परियोजनाओं की नींव रखी।

मुख्यमंत्री ने 42.82 करोड़ रुपये की लागत से अंब-अम्बोटा रोड पर 400 मीटर स्पैन प्रमुख पुल, 2.70 करोड़ से चार अन्य पुलों, 3.59 करोड़ से पिपलू से लोहारली लिंक रोड पर पुल, और 6.46 करोड़ से सड़क मेटलिंग-टारिंग कार्यों का शिलान्यास किया। साथ ही, 2.79 करोड़ रुपये की लागत से राजकीय डिग्री कॉलेज दौलतपुर चौक के भवन निर्माण कार्यों की भी शुरुआत की गई।

शिक्षा और पेयजल योजनाओं को दी गति
सीएम सुक्खू ने 2.27 करोड़ रुपये से राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज अंबोटा में वर्कशॉप का शिलान्यास, तथा 1.85 करोड़, 1.03 करोड़, और 1.08 करोड़ की लागत से शिवपुर, गोंदपुर बनेहड़ा और शिववाड़ी में पेयजल योजनाओं की शुरुआत की। जल जीवन मिशन के तहत नकड़ोह, अमलैहड़, भंजाल और मवा सिंधियां क्षेत्रों में भी मल्टी विलेज पाइप पेयजल योजनाओं और ट्यूबवेलों का निर्माण किया गया।

बीजेपी पर हमला
पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने बीजेपी को आड़े हाथों लिया और कहा, “जब प्रदेश में बीजेपी की सरकार थी तो वे खुद को डबल इंजन बताते थे, लेकिन आज जब 400 मीटर लंबे पुल का शिलान्यास किया जा रहा है, तो सवाल यह है कि उन्होंने इसे पहले क्यों नहीं बनाया? बीजेपी को जनता का असल विकास दिखाई ही नहीं देता।

उन्होंने कहा कि ब्लॉक ड्रग पार्क की जमीन को सस्ते दामों पर लीज पर देना भाजपा की सोच का परिचायक है। वर्तमान सरकार पारदर्शी और जनहितैषी विकास के लिए संकल्पबद्ध है।