Follow Us:

पूर्व डबल इंजन सरकार पर प्रहार, कालिया को दुलार

  • मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने पूर्व भाजपा सरकार को घेरा, कहा- 5000 करोड़ की चुनावी रेवड़ियों ने बिगाड़ी राज्य की वित्तीय स्थिति

  • विधायक राकेश कालिया को बताया ‘जनता का सच्चा प्रतिनिधि’, मां चिंतपूर्णी का बताया आशीर्वाद

  • 3,000 करोड़ से अधिक का अतिरिक्त राजस्व जुटाया, भ्रष्टाचार पर कसा शिकंजा, विकास योजनाओं पर फोकस

शिमला, पराक्रम चंंद : गगरेट विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने भाजपा की पूर्व डबल इंजन सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उनकी सरकार ने सत्ता में आते ही भ्रष्टाचार के चोर दरवाजों को बंद कर, प्रदेश की आर्थिक रीढ़ को मजबूत करने का काम शुरू किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्ट व्यवस्था को जड़ से खत्म करने का संकल्प, उन्होंने शपथ ग्रहण के साथ ही ले लिया था और ढाई साल में सरकार ने 3,000 करोड़ से अधिक का अतिरिक्त राजस्व अर्जित किया है, जिसे जनहित में लगाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर गगरेट क्षेत्र के लिए करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाएं घोषित कीं और विधायक राकेश कालिया को भरपूर सराहना दी। उन्होंने कहा कि कालिया विकास के प्रतीक हैं, उन्हें किसी पद की भूख नहीं, बल्कि वे केवल क्षेत्र की भलाई के लिए काम करते हैं।
उन्होंने याद किया कि 2003 में कालिया, मुकेश अग्निहोत्री और वे स्वयं पहली बार एक साथ विधायक बने थे। आज वे मुख्यमंत्री हैं, मुकेश उपमुख्यमंत्री हैं और कालिया क्षेत्र की सेवा में निस्वार्थ लगे हैं।

सुक्खू ने भाजपा पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि बीजेपी की सरकार ने राज्य को आर्थिक रूप से खोखला कर दिया, चुनाव से पहले 5000 करोड़ रुपये की फिजूल रेवड़ियां बांटीं, जिनका खामियाजा वर्तमान सरकार को भुगतना पड़ रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने केवल गरीबों को लाभ देने वाली योजनाओं को प्राथमिकता दी है, जैसे 125 यूनिट तक फ्री बिजली, लेकिन भाजपा ने करोड़पति टैक्स दाताओं को भी मुफ्त योजनाएं बांटीं, जिससे सरकारी खजाने पर भारी दबाव पड़ा।

पूर्व विधायक पर भी कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जो व्यक्ति चुनाव जीत कर गया था, वह राजनीतिक मंडी में बिक गया, इसलिए गगरेट में उपचुनाव करवाना पड़ा। लेकिन माँ चिंतपूर्णी और जनता के आशीर्वाद से राकेश कालिया दोबारा विधायक चुने गए

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि भाजपा फिलहाल पांच गुटों में बंटी हुई है, और हर गुट ‘अपनी डफली, अपना राग’ बजा रहा है।