-
पुलिस उपमंडल अधिकारी डाडासीबा और थाना प्रभारी संसारपुर टेरेस ने शाह नहर विश्राम गृह में जागरूकता कार्यक्रम किया आयोजित
-
साइबर क्राइम, ट्रैफिक नियमों, कानून व्यवस्था और नशा विरोध के विषयों पर किया गया संवाद
-
नशा बेचने वालों की सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखने का दिया आश्वासन
जसवा प्रागपुर, गौरव सेठी: जिला पुलिस देहरा की अभिनव पहल “कानून विद्यालय” के तहत आज शाह नहर विश्राम गृह में एक प्रभावी जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। इस अभियान में पुलिस उपमंडल अधिकारी डाडासीबा और पुलिस थाना संसारपुर टेरेस के प्रभारी ने भाग लिया और स्थानीय जनप्रतिनिधियों, महिला मंडल सदस्यों, सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों और आम नागरिकों से सीधा संवाद किया।
कार्यक्रम में उपस्थित जिला परिषद सदस्यों, पंचायत प्रतिनिधियों, और अन्य गणमान्य व्यक्तियों को साइबर क्राइम, यातायात नियमों, कानून व्यवस्था तथा नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। विशेष रूप से नशा विरोधी अभियान को लेकर पुलिस अधिकारियों ने जनता से सहयोग की अपील की।
अधिकारियों ने कहा कि नशे के विरुद्ध लड़ाई केवल पुलिस की नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि आमजन अपने क्षेत्र में नशा करने या बेचने वाले लोगों की जानकारी पुलिस को दें, तो कानूनन कार्यवाही की जाएगी, और सूचना देने वाले की पहचान पूर्ण रूप से गोपनीय रखी जाएगी।
इस अभियान का उद्देश्य जनता और पुलिस के बीच की दूरी को कम करते हुए संवेदनशील मुद्दों पर जनसहभागिता बढ़ाना है।



