Follow Us:

शिमला हाईकोर्ट में झूठे बम अलर्ट से मची अफरा-तफरी, पुलिस ने सुरक्षित कराया परिसर

  • हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट को मानव आत्मघाती IED हमले की धमकी मिली

  • हाईकोर्ट परिसर को तत्काल खाली कर शुरू हुआ तलाशी अभियान

  • बम स्क्वॉड और QRT की कार्रवाई में कोई विस्फोटक नहीं मिला, अलर्ट निकला झूठा



शिमला, पराक्रम  चंद : हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय परिसर में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक संभावित आत्मघाती IED हमले की धमकी पुलिस को प्राप्त हुई। यह धमकी मानव आत्मघाती हमलावरों द्वारा Improvised Explosive Devices (IEDs) लाने की आशंका से जुड़ी थी। धमकी की गंभीरता को देखते हुए शिमला पुलिस ने तत्काल आपात सुरक्षा प्रतिक्रिया शुरू की।

अलर्ट मिलते ही DIG साउदर्न रेंज अंजुम आरा के नेतृत्व में बम निरोधक दस्ता, त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT), डॉग स्क्वॉड और सीनियर पुलिस अफसरों की टीम हाईकोर्ट परिसर पहुंची। तत्काल निर्णय लेकर पूरे कोर्ट परिसर को खाली कराया गया, जिसमें जज, अधिवक्ता, स्टाफ और आम नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

इसके बाद सघन सर्च और सैनिटाइजेशन अभियान चलाया गया, जिसमें हर कमरे, हॉल, गलियारे, प्रवेश द्वार, निकासी मार्ग सहित संपूर्ण परिसर की जांच की गई। यह 4 घंटे तक चलने वाला ऑपरेशन बेहद सुनियोजित था। हालांकि, जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु, उपकरण या व्यक्ति नहीं मिला, जिसके बाद इसे false alarm (झूठा अलर्ट) घोषित किया गया।

पुलिस ने कहा कि धमकी निराधार थी लेकिन सुरक्षा दृष्टिकोण से उठाए गए कदमों ने अदालत परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित की। अब हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं और उच्च न्यायालय की कार्यप्रणाली को चरणबद्ध रूप से बहाल किया जा रहा है

शिमला पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, लेकिन सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या वस्तु की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।