-
हिम अन्वेषिका संस्था ने IAPT और NAPT के सहयोग से आयोजित किया फिजिक्स भारत अभियान 2025-26
-
धर्मशाला के पीएम श्री गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में हुआ आयोजन
-
एडीएम शिल्पी वेक्टा ने मुख्य अतिथि के रूप में की शिरकत, विज्ञान के महत्व को बताया
धर्मशाला, शिवांंशु शुक्ला: पीएम श्री गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आज हिम अन्वेषिका संस्था द्वारा फिजिक्स भारत अभियान 2025-26 के अंतर्गत एक विज्ञान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन IAPT (Indian Association of Physics Teachers) और NAPT (National Association of Physics Teachers) के सौजन्य से किया गया, जिसका उद्देश्य स्कूली छात्रों में भौतिकी (Physics) और विज्ञान के प्रति रुझान, समझ और जागरूकता बढ़ाना है।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहीं एडीएम शिल्पी वेक्टा ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि इस पहल से न केवल छात्र विज्ञान की बुनियादी अवधारणाओं को गहराई से समझ पा रहे हैं, बल्कि उन्हें यह भी बताया जा रहा है कि विज्ञान उनके जीवन में कितना महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि संस्था के संचालक डॉ. दिनेश के मार्गदर्शन में यह अभियान कांगड़ा से लेकर चंबा और प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी चलाया जा रहा है, जिससे बच्चों को आधुनिक विज्ञान और टेक्नोलॉजी की वास्तविक जानकारी मिल रही है।
कार्यक्रम में छात्रों को ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क, टोटल इंटरनल रिफ्लेक्शन, साउंड वेव्स, टेंशन जैसे भौतिकी के कठिन लगने वाले विषयों को सरल और व्यावहारिक ढंग से समझाया गया। शिल्पी वेक्टा ने कहा कि बच्चों को यह भी बताया गया कि भारत सरकार द्वारा आयोजित विभिन्न राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाएं, जैसे कि एनएसए (National Standard Examination), उनके लिए कितनी उपयोगी हो सकती हैं।
उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि इस कार्यक्रम में उन्हें भी एक नई जानकारी मिली कि एनएसए एग्जाम पास करने वाले छात्र सीधे IIT में B.Tech कोर्स में प्रवेश पा सकते हैं। यह बताता है कि यह अभियान न केवल छात्रों को विज्ञान से जोड़ रहा है, बल्कि उनके भविष्य निर्माण में भी सहायक सिद्ध हो रहा है।
“हमें भी आज ये पता चला कि NSA परीक्षा क्रैक करने से छात्र सीधे IIT में बीटेक कर सकते हैं, यह जानकारी बच्चों और हम सभी के लिए बेहद लाभकारी है। संस्था का प्रयास काबिले तारीफ है।”
– शिल्पी वेक्टा, एडीएम, कांगड़ा



