Follow Us:

चंबा से ऊना तक चला अवैध शराब के विरुद्ध अभियान

▪︎ इस वित्त वर्ष में 5438.771 बल्क लीटर अवैध शराब बरामद
▪︎ दो संयंत्रों में छापे, अवैध होलोग्राम-लेबल जब्त, एफआईआर दर्ज
▪︎ आबकारी आयुक्त यूनुस ने अवैध कारोबार पर कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया

पराक्रम चंद, शिमला


Himachal Excise Department: हिमाचल प्रदेश में अवैध शराब कारोबार पर लगातार शिकंजा कसते हुए आबकारी विभाग ने इस वित्तीय वर्ष में 5438.771 बल्क लीटर अवैध शराब बरामद की है। विभाग ने राज्य के विभिन्न जिलों में कुल 103 मामले दर्ज किए, जिसमें 18743 लीटर लाहन को नष्ट किया गया। विभाग द्वारा अवैध शराब निर्माण और वितरण पर सख्ती से अंकुश लगाने के लिए मुख्यालय स्तर पर विशेष टीमों का गठन किया गया है।

इन टीमों द्वारा सोलन जिले में एक बॉटलिंग संयंत्र पर छापा मारा गया, जहां निरीक्षण के दौरान ENए (Extra Neutral Alcohol) के स्टॉक में भारी कमी पाई गई। इसके अतिरिक्त संयंत्र से अवैध होलोग्राम और लेबल भी बरामद हुए, जो संभावित रूप से अवैध शराब कारोबार में प्रयुक्त किए जा रहे थे। इस मामले में एफआईआर दर्ज करवा दी गई है और हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई जारी है।

दूसरे बड़े मामले में जिला सिरमौर स्थित एक और संयंत्र पर विभागीय टीम ने रात के समय निरीक्षण किया, जहां पाया गया कि लाइसेंसधारक अवैध रूप से रात में शराब का निर्माण कर रहा था। वहां भी अवैध होलोग्राम, लेबल और स्टॉक में भारी गड़बड़ी पाई गई। यहां भी एफआईआर दर्ज करते हुए कठोर विभागीय कार्रवाई की जा रही है।

इसके अतिरिक्त विभाग ने चम्बा में चंडीगढ़ से लाई गई अवैध अंग्रेजी शराब को जब्त किया, और ऊना व बिलासपुर जिलों में अवैध बीयर पकड़ी गई। मंडी, शिमला और कुल्लू में भी विभागीय टीमें सक्रिय रही और कई जगहों पर निरीक्षण कर अवैध शराब पर कार्रवाई की गई।

आबकारी आयुक्त यूनुस ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राजस्व को नुकसान पहुंचाने वालों पर विभाग सख्त नजर रखेगा और नियमानुसार कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि यदि किसी को अवैध शराब से संबंधित कोई जानकारी हो तो दूरभाष नम्बर 0177-2620426 अथवा व्हाट्सएप नम्बर 94183-31426 पर विभाग को सूचित करें।