Follow Us:

धर्मशाला में 18 जून को केंद्रीय विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह

. केंद्रीय विश्वविद्यालय का 8वां दीक्षांत समारोह 18 जून को धर्मशाला में
. पीजी, यूजी और डिप्लोमा धारकों को दी जाएंगी डिग्रियां
. कुलपति ने दी जानकारी, मुख्य अतिथि होंगे प्रो. विनय कुमार पाठक

शिवांशु शुक्‍ला, धर्मशाला


हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएचपी) का आठवां दीक्षांत समारोह आगामी 18 जून को धर्मशाला में आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है और समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

कुलसचिव द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार इस समारोह में विभिन्न शैक्षणिक सत्रों के पीजी (पोस्ट ग्रेजुएट), यूजी (अंडर ग्रेजुएट) और एडवांस डिप्लोमा धारकों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी।
विशेष रूप से, शैक्षणिक सत्र 2018-20 के पोस्ट ग्रेजुएट और पीजी डिप्लोमा, 2017-20 तथा 2018-21 के अंडर ग्रेजुएट और पीजी डिप्लोमा धारकों को सम्मानित किया जाएगा।

कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल ने जानकारी देते हुए बताया कि दीक्षांत समारोह को लेकर सभी तैयारियां लगभग पूर्ण हो चुकी हैं। उन्होंने बताया कि इस बार कुल 454 छात्र-छात्राओं को उनकी स्नातक व परास्नातक उपाधियां प्रदान की जाएंगी।
इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में प्रोफेसर विनय कुमार पाठक, अध्यक्ष भारतीय विश्वविद्यालय संघ, नई दिल्ली उपस्थित रहेंगे।

प्रो. बंसल ने कहा कि यह समारोह विश्वविद्यालय के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है और विद्यार्थियों के लिए सम्मान और प्रेरणा का क्षण होगा। विश्वविद्यालय परिसर में इसका भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसमें छात्र-छात्राओं के परिजन, शिक्षकगण और प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल रहेंगे।