धर्मशाला में स्मार्ट वर्कशॉप का कार्य 85% पूरा
65 बसों की पार्किंग और 15 रिपेयर पिट की सुविधा होगी उपलब्ध
दो से ढाई माह में पूरी तरह तैयार हो जाएगी वर्कशॉप
शिवांशु शुक्ला, धर्मशाला
स्मार्ट सिटी धर्मशाला को जल्द ही स्मार्ट वर्कशॉप की सौगात मिलने जा रही है। धर्मशाला स्मार्ट सिटी प्राइवेट लिमिटेड के तहत बन रही यह अत्याधुनिक वर्कशॉप अपने अंतिम चरण में है। अब तक 85 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है और यदि निर्माण की यही रफ्तार बनी रही, तो अगले दो से ढाई महीने में यह वर्कशॉप पूरी तरह तैयार हो जाएगी।
एचआरटीसी धर्मशाला डिपो के आरएम साहिल कपूर ने जानकारी दी कि यह वर्कशॉप 65 बसों की पार्किंग, 15 इंस्पेक्शन पिट, और हर प्रकार के मैकेनिक ट्रेड के लिए अलग-अलग कक्षों से सुसज्जित होगी। वर्कशॉप के ग्राउंड फ्लोर पर एक साथ 15 बसों की मरम्मत संभव होगी।
अब तक धर्मशाला में एचआरटीसी बसें सड़कों के किनारे खड़ी देखी जाती थीं, लेकिन स्मार्ट वर्कशॉप के बन जाने के बाद इन सभी बसों की पार्किंग एक ही स्थान पर हो सकेगी, जिससे यातायात में बाधा नहीं आएगी और व्यवस्था दुरुस्त होगी।
वर्कशॉप का ग्राउंड फ्लोर लगभग बन चुका है, जिसमें अब केवल बिजली फिटिंग और पेंटिंग का काम शेष है। फर्स्ट फ्लोर का कार्य तेजी से चल रहा है, जहां इलेक्ट्रिक बसों की चार्जिंग की सुविधा दी जाएगी। साथ ही, एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लॉक का निर्माण भी अंतिम चरण में है।
वर्कशॉप की विशेषताएं:
-
65 बसों की पार्किंग क्षमता
-
15 इंस्पेक्शन पिट, एक साथ 15 बसों की मरम्मत
-
हर ट्रेड के लिए अलग कक्ष
-
इलेक्ट्रिक बसों की चार्जिंग सुविधा
-
पेंट, इलेक्ट्रिसिटी और एडमिन ब्लॉक पर कार्य जारी
आरएम साहिल कपूर ने बताया कि यह वर्कशॉप न केवल सुविधाओं के लिहाज से अत्याधुनिक होगी, बल्कि एचआरटीसी के दैनिक संचालन में भी सुधार लाएगी। इससे रखरखाव, मरम्मत और पार्किंग की व्यवस्था एक छत के नीचे संभव हो सकेगी।



