➤ हर पंचायत तक योग की अलख जगाएगी सर्वजन कल्याण सभा
➤ स्वास्थ्य जागरूकता के लिए भाटी गांव में लगा योग शिविर
➤ नवीन शर्मा बोले – योग जीवनशैली का हिस्सा बनाएं, ना कि सिर्फ एक दिन का आयोजन
हमीरपुर, समित
सर्वजन कल्याण सभा, हमीरपुर ने एक नई पहल की शुरुआत करते हुए जिले की हर पंचायत में योग शिविर लगाने का संकल्प लिया है। सभा के अध्यक्ष नवीन शर्मा ने कहा कि योग को जनजीवन का हिस्सा बनाकर ही हम एक रोगमुक्त और मानसिक रूप से स्वस्थ समाज का निर्माण कर सकते हैं। इसी दिशा में स्वाहल पंचायत के भाटी गांव में योग शिविर का आयोजन किया गया।
इस योग शिविर का शुभारंभ टौणी देवी ब्लॉक की बीडीसी चेयरमैन रीना देवी ने बतौर मुख्य अतिथि किया। उन्होंने कहा कि योग से शरीर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और आमजन को इन शिविरों में बढ़-चढ़ कर भाग लेना चाहिए।
नवीन शर्मा ने कहा कि आज पूरे देश के साथ-साथ दुनिया भी 21 जून को योग दिवस के रूप में मना रही है, जिसका श्रेय हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है, जिन्होंने योग को विश्वपटल पर स्थापित किया। लेकिन योग केवल एक दिन का उत्सव नहीं, बल्कि यह नित्य अभ्यास का विषय है।
उन्होंने कहा, “अगर हम योग को रोज़मर्रा की दिनचर्या में शामिल करें, तो जीवन में अवश्य सकारात्मक बदलाव अनुभव करेंगे।” उन्होंने यह भी कहा कि कोरोना काल ने लोगों को योग का महत्व सिखाया, जब सभी ने अपनी इम्युनिटी बढ़ाने और मानसिक तनाव कम करने के लिए योग का सहारा लिया।
इस अवसर पर योग शिक्षक अश्मीर, सर्वजन कल्याण सभा के कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीणों ने सक्रिय भागीदारी की। सभा के अनुसार, आने वाले दिनों में हमीरपुर की प्रत्येक पंचायत में योग शिविर आयोजित किए जाएंगे।



