➤ हमीरपुर में स्वतंत्रता सेनानी संघ की बैठक आयोजित
➤ सरकार से स्वतंत्रता सेनानी कल्याण बोर्ड के गठन की मांग
➤ परिवारों ने जताया रोष, ढाई साल बाद भी बोर्ड गठन नहीं
समित, हमीरपुर
FreedomFightersHimachal: हमीरपुर जिले के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में जिला स्वतंत्रता सेनानी संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें पूरा जिला भर से आए स्वतंत्रता सेनानी परिवारों के सदस्यों ने भाग लिया। इस बैठक की अध्यक्षता जिला प्रधान नरेश शर्मा ने की, जबकि संघ के प्रदेश अध्यक्ष पुरुषोत्तम कालिया भी विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
बैठक में सरकार से प्रमुख रूप से यह मांग की गई कि हिमाचल प्रदेश स्वतंत्रता सेनानी कल्याण बोर्ड का गठन तत्काल प्रभाव से किया जाए। वक्ताओं ने कहा कि राज्य सरकार के ढाई साल बीत जाने के बावजूद अभी तक कल्याण बोर्ड का गठन नहीं किया गया है, जिससे सभी स्वतंत्रता सेनानी परिवारों में गहरा असंतोष व्याप्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्वजों की कुर्बानियों को भुलाया जा रहा है और वर्तमान सरकार द्वारा इस विषय में उदासीनता बरती जा रही है।
बैठक में अन्य कई महत्वपूर्ण मांगें भी रखी गईं। इसमें कांगड़ा जिले के दाढ़ी क्षेत्र में शहीदी स्मारक निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने की मांग की गई। साथ ही स्वतंत्रता सेनानी परिवारों को राजस्व रिकॉर्ड में विधिवत दर्ज करने, और आश्रितों को दिए जा रहे 2% आरक्षण को आगामी पीढ़ियों तक विस्तार देने की भी पुरज़ोर मांग उठाई गई।
परिवारों का कहना था कि राज्य और केंद्र सरकारें अक्सर देशभक्ति और स्वतंत्रता सेनानियों की बात तो करती हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर उनके आश्रितों को उचित सम्मान, सुविधा और प्रतिनिधित्व नहीं मिल पा रहा है। बैठक में सभी ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया कि यदि इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे राज्यव्यापी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।



