Follow Us:

‘विकसित भारत 2047’ की शपथ दिलाई गई, पायल वैद्य रहीं मुख्य वक्ता

➤ नेरचौक में भाजपा ने आयोजित की ‘विकसित भारत संकल्प सभा’
➤ पायल वैद्य ने पढ़ाया ‘विकसित भारत 2047’ का संकल्प
➤ बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी ने सुक्खू सरकार पर साधा निशाना

विपलव सकलानी, मंडी


भारतीय जनता पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 वर्षों को समर्पित “संकल्प से सिद्धि” अभियान के तहत मंडी ज़िले के नेरचौक मंडल में “विकसित भारत संकल्प सभा” का आयोजन किया। यह सभा मंडल अध्यक्ष कुलदीप ठाकुर की अध्यक्षता में घट्टा गांव में आयोजित हुई, जिसमें प्रदेश उपाध्यक्ष पायल वैद्य मुख्य वक्ता रहीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। पायल वैद्य ने “विकसित भारत 2047” संकल्प पत्र उपस्थित कार्यकर्ताओं को पढ़कर सुनाया और सभी को विकसित भारत निर्माण की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के 11 वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के प्रतीक हैं और इन वर्षों में भारत ने विश्व मंच पर अपनी नई पहचान बनाई है।

उन्होंने आंकड़ों के माध्यम से बताया कि अब तक 4 करोड़ गरीबों को पक्के मकान, 80 करोड़ को मुफ्त राशन, 12 करोड़ को शौचालय, 1 करोड़ बहनों को लखपति दीदी और 3 करोड़ का लक्ष्य तय किया गया है। 33% महिलाओं के आरक्षण, तीन तलाक की समाप्ति और मुद्रा योजना जैसे प्रयासों से महिला सशक्तिकरण को गति मिली है।

पायल वैद्य ने हिमाचल में फोरलेन हाईवे, रेलवे विस्तार, अटल टनल रोहतांग जैसी परियोजनाओं का हवाला देते हुए कहा कि यह 11 साल मोदी का भारत है, जो गति, विकास और जनकल्याण का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, 23 जून को डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस और 25 जून को आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ पर भी भाजपा मंडल स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करेगी

सभा में बल्ह विधानसभा क्षेत्र के विधायक इंद्र सिंह गांधी ने भी कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि बल्ह के कांग्रेस नेता झूठ बोलने में माहिर हैं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के विकास कार्यों की प्रशंसा करते हुए सुक्खू सरकार पर पूरी तरह अनदेखी करने का आरोप लगाया।

सभा में भाजपा महामंत्री पवन, मनीष, अनुसूचित मोर्चा महामंत्री चेत राम, मीडिया प्रभारी राकेश वालिया सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। नेरचौक मंडल भाजपा ने इस सभा को भविष्य के भारत की दिशा तय करने वाला आयोजन बताया।