➤ मंडी में पहली बार हुआ प्रदेश स्तरीय वीर नारी सम्मान समारोह
➤ 25 वीर नारियों को किया गया सम्मानित
➤ 1971 युद्ध में बलिदान देने वाले सैनिक की स्मृति में भवन समर्पित
विपलव सकलानी, मंडी
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला में वीर नारियों को सम्मान देने की एक ऐतिहासिक पहल की गई। हिमाचल डिफेंस वुमेन वेलफेयर एसोसिएशन मंडी द्वारा सैनिक कल्याण विभाग परिसर में आयोजित वीर नारी सम्मेलन में कुल 25 वीर नारियों को सम्मानित किया गया। यह सम्मेलन राज्य के इतिहास में पहली बार किसी एसोसिएशन द्वारा प्रदेश स्तर पर आयोजित किया गया वीर नारी सम्मान समारोह था।

इस सम्मेलन के मुख्य अतिथि रहे राज्य सैनिक कल्याण विभाग के निदेशक ब्रिगेडियर मदनशील शर्मा, जबकि ले. कर्नल गोपाल गुलेरिया, जिला सैनिक कल्याण विभाग मंडी के उप-निदेशक, विशिष्ट रूप से उपस्थित रहे। सम्मेलन में वीर नारी चिंता कुमारी ने 1971 भारत-पाक युद्ध में बलिदान देने वाले सैनिक किशन चंद (13 डोगरा रेजिमेंट) की स्मृति में भवन का जीर्णोद्धार कर उसे सैन्य परिवारों की सेवा के लिए समर्पित किया। यह सैन्य समर्पण की जीवंत मिसाल है।

ब्रिगेडियर शर्मा ने कहा कि वीर नारियों के त्याग और बलिदान को सम्मान देना हमारा कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि जिला सैनिक वेलफेयर कार्यालय कल्याणकारी योजनाएं वीर नारियों तक पहुंचाने में प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी ऐसे सम्मेलन आयोजित होते रहने चाहिएं। वहीं, ले. कर्नल गुलेरिया ने कहा कि विभाग हर संभव सहायता के लिए तत्पर रहेगा।
एसोसिएशन की अध्यक्ष आशा ठाकुर ने अपने उद्बोधन में बताया कि संगठन की स्थापना 8 मार्च 2015 को हुई थी और 6 जून 2018 को इसे हिमाचल डिफेंस वुमेन वेलफेयर एसोसिएशन के रूप में पंजीकृत किया गया। बीते दस वर्षों से यह संस्था वीर नारियों और सैन्य परिवारों के अधिकारों, मानसिक सहयोग, प्रशासनिक कार्यों, और सामाजिक समस्याओं से जूझते हुए कार्य कर रही है।
फंड की कमी के बावजूद सामाजिक सहयोग से यह संगठन सैन्य विधवाओं, मानसिक रूप से पीड़ित महिलाओं, घरेलू हिंसा की शिकार महिलाओं और प्रशासनिक जटिलताओं से ग्रस्त वीर नारियों के लिए अहसास और सहारा बनकर खड़ा है।
सम्मेलन के अंत में सभी सम्मानित वीर नारियों के लिए विशेष भोज की व्यवस्था भी की गई, जिसमें सम्मान और आत्मीयता का भाव स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।



