➤ धर्मशाला पुलिस ने चेक ठगी मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया
➤ साल 2024 से फरार था आरोपी, कोर्ट में पेश नहीं होने पर घोषित हुआ भगोड़ा
➤ आरोपी के कई पते, आधार कार्ड; मंडी-जोगिंद्रनगर में भी केस दर्ज
शिवांशु शुक्ला, धर्मशाला
धर्मशाला पुलिस ने एक लंबे समय से फरार चल रहे चेक ठगी के आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो साल 2024 से लगातार कोर्ट और पुलिस को चकमा दे रहा था। आरोपी की पहचान 45 वर्षीय राजीव पुत्र प्रेम चंद, निवासी भोरंज जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। आरोपी पर आरोप है कि वह लोगों को झूठे चेक देकर ठगता था और बैंक में जमा करने पर चेक बाउंस हो जाते थे।
चेक बाउंस मामलों में जब पीड़ित न्यायालय पहुंचे, तो आरोपी बार-बार कोर्ट में पेश नहीं हुआ, जिस कारण उसे भगोड़ा घोषित कर दिया गया। धर्मशाला पुलिस ने कई महीनों की तकनीकी निगरानी और खुफिया सूचना के आधार पर आखिरकार रविवार को उसे धर दबोचा।
जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी बहुत शातिर किस्म का व्यक्ति है, जिसने अलग-अलग पतों पर कई आधार कार्ड बनवा रखे थे ताकि वह पुलिस की निगरानी से बच सके। आरोपी के खिलाफ मंडी और जोगिंद्रनगर के थानों में भी ठगी के मामले दर्ज हैं, जिनमें भी जांच चल रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी लोगों को बड़ी राशि के चेक देकर विश्वास में लेता था और फिर गायब हो जाता था। एएसपी कांगड़ा वीर बहादुर ने पुष्टि की है कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और अब उससे पूछताछ कर पूरी ठगी श्रृंखला का खुलासा किया जाएगा।
धर्मशाला पुलिस की इस गिरफ्तारी को बड़ी कामयाबी माना जा रहा है क्योंकि आरोपी लगातार पुलिस को चकमा देकर फरार था और विभिन्न ठिकानों से अपनी पहचान बदलकर रह रहा था।



