➤ पधर की द्रंग घाटी में वाहन हादसा, चार लोग घायल
➤ हरिद्वार से अस्थि विसर्जन कर लौट रहे थे सभी यात्री
➤ रेस्क्यू कर सभी घायलों को मंडी अस्पताल भेजा गया
विपलव सकलानी, मंडी
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला के पधर उपमंडल की द्रंग घाटी में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसा उस समय हुआ जब हरिद्वार से अपने दिवंगत पिता की अस्थियां विसर्जित करके लौट रहे चार लोग एक वाहन में सवार होकर वापस जोगिंदरनगर की ओर जा रहे थे। देर रात करीब 3 बजे, वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।
घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस सेवा से जुड़े ड्राइवर ऋषि और ईएमटी मुकेश तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। खाई में गिरे घायलों को एक घंटे की मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी को मौके पर प्राथमिक उपचार देकर मंडी के जोनल अस्पताल भेजा गया, जहां अब उनका इलाज चल रहा है।
स्थानीय लोगों ने एम्बुलेंस टीम की तत्परता और साहस की भरपूर सराहना की है।
पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और शुरुआती अंदेशा यह है कि हादसा या तो तेज रफ्तार के चलते हुआ या फिर चालक को नींद की झपकी आ गई, जिससे वाहन का नियंत्रण बिगड़ गया।
इस घटना ने एक बार फिर पर्वतीय सड़कों की संवेदनशीलता और रात के समय वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है।



